भारत की दिव्या काकरान और मंजू कुमारी ने एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में गुरुवार को भारत को दो पदक दिलाए। एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वालीं दिव्या ने मंगोलिया की बेतेस्तबेग सोरोनजोनबोल्ड को 68 किलो भारवर्ग के प्लेऑफ में चित करके कांस्य पदक अपने नाम किया।
उसके बाद मंजू ने 59 भारवर्ग में पदक जीतकर दोहरी खुशी दिलाई जब उन्होंने वियतनाम की थी हुआंग दाओ को 11-2 से पराजित किया। जबकि 50 भारवर्ग में सीमा भी पदक की दहलीज तक पहुंचीं लेकिन कजाखस्तान की वेलेंटिना इवानोवना से 5-11 से हार गईं।
इससे पहले काकरान और मंजू सेमीफाइनल में पराजित होने के बाद मेडल राउंड में पहुंची थीं जबकि सीमा ने रेपचेज राउंड के जरिए तीसरे से चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में प्रवेश किया था। 55 भारवर्ग में ललिता और 76 भारवर्ग में पूजा क्वार्टर फाइनल में हार गई थीं।
टखने की चोट से उबरने के बाद वापसी
नई दिल्ली में 2017 में हुई एशियाई चैंपियनशिप में 69 भारवर्ग में रजत जीतने वालीं दिव्या गुरुवार को 68 भारवर्ग के सेमीफाइनल में चीन की फेंग जोहू से 4-14 से हार गईं थीं। टखने की चोट से उबरने के बाद वापसी करने दिव्या ने क्वार्टर फाइनल में वियतनाम की होंग थाई नगुइन को एकतरफा 10-0 से हराया था।