भारतीय निशानेबाजों ने एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के दूसरे दिन आठ पदक हासिल किए लेकिन टोक्यो ओलंपिक के लिए दांव पर लगे कम से कम तीन कोटे से चूक गए। इस तरह भारत की पदकों की संख्या 13 हो गई है क्योंकि निशानेबाजों ने मंगलवार को पांच पदक अपने नाम कि ए थे। भारत के चार स्वर्ण, तीन रजत और छह कांस्य पदक हैं। केनान चेनाई, मानवजीत सिंह संधू और पृथ्वीराज की ट्रैप टीम ने कुल 357 अंक के स्कोर से रजत पदक प्राप्त किया। पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में अनीश भानवाला क्वालिफिकेशन में 574 के स्कोर से 11वें स्थान पर रहे। इससे उनकी इस स्पर्धा में उपलब्ध टोक्यो ओलंपिक के चार में से एक कोटा हासिल करने की उम्मीद भी टूट गयी। अनीश, भावेश शेखावत और आदर्श सिंह की तिकड़ी ने कांस्य पदक जीता।