फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एशियाई खेल 2018: भारतीय महिला कबड्डी टीम का शानदार आगाज, जापान पर 31 अंक की बढ़त के साथ जीता मैच

Sun, 19 Aug 2018 03:28 PM IST
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला
विज्ञापन
रणदीप
विज्ञापन

भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रविवार को एशियाई खेल 2018 में अपने अभियान की जोरदार शुरुआत की। भारत ने जापान को 31 अंक के विशाल अंतर से हराया और मुकाबला 43-12 से अपने नाम किया। भारतीय टीम ने आधे घंटे में जापान को तीन बार ऑलआउट किया, जो मुकाबले का हाइलाइटिंग प्वाइंट भी साबित हुआ। भारत की तरफ से कप्तान पायल चौधरी, लेफ्ट डिफेंडर साक्षी कुमारी, रणदीप और रितु ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।

विज्ञापन


भारतीय टीम शुरुआत से हावी रही। भारत ने तेज शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बनाई। इसके बाद जापान ने वापसी की और स्कोर 4-5 किया, लेकिन यहां से भारतीय टीम अलग लय में चली गई। 

अनुभवी डिफेंडर साक्षी मलिक ने तेजतर्रार रेड जमाकर जापान को पूरी तरह दबाव की स्थिति में ला खड़ा किया। इसका परिणाम यह रहा कि जापान की टीम वापसी नहीं कर सकी और भारत ने पहला हाफ 19-8 से अपने पक्ष में किया।
विज्ञापन


इसके बाद दूसरे हाफ में भारत ने जापान की बुरी गत की। दूसरे हाफ में भारत ने 24 अंक हासिल किए जबकि जापान की टीम सिर्फ 4 अंक हासिल कर सकी। इस तरह भारत ने अपना पहला मैच 43-12 के विशाल अंतर से जीता। अब भारतीय महिला कबड्डी की टीम अपना दूसरा मुकाबला 20 अगस्त को थाईलैंड के खिलाफ खेलेगी।

विज्ञापन

लाइव अपडेट्स पढ़िए यहां:

फुलटाइम- भारत 43-12 जापान

भारतीय कप्तान पायल चौधरी ने फिर जापानी डिफेंडर को किया आउट। भारत ने 42-12 की बढ़त बनाई।

जापान की डिफेंडर ने प्रियंका को रोकने में सफलता हासिल की। भारत 41-12 की बढ़त पर।

भारतीय रेडर ने भी किया धमाल और स्कोर 41-11 किया।

जापान की सफल रेड। एक अंक हासिल किया। भारत 40-11 से आगे।

प्रियंका ने बोनस अंक हासिल किया और इसी के साथ भारत की बढ़त 30 अंकों की हुई। भारत 40-10 से आगे।

भारतीय कप्तान पायल चौधरी ने बोनस अंक हासिल किया। जापान ने टाइमआउट लिया।

साक्षी कुमारी की एक और बेहतरीन रेड। भारत को 38-10 की बढ़त पर पहुंचाया।

भारतीय डिफेंस का बेहतरीन प्रदर्शन। जापान को तीसरी बार ऑलआउट किया। स्कोर में भारत 37-10 की बढ़त पर।

शिवानी ने भी सफल रेड की और भारत की बढ़त 34-10 की।

कप्तान पायल चौधरी ने फिर किया कमाल। भारत 33-10 से आगे।

जापानी रेडर ने बोनस अंक हासिल करने की कोशिश की और पकड़ा गई। भारत के लिए आसान डिफेंस। स्कोर में भारत 32-10 से आगे।

कप्तान पायल चौधरी ने सुपर रेड लगाई और तीन अंक हासिल किए। भारत अब 21 अंकों की बढ़त पर। भारत स्कोर में 31-10 से आगे।

जापान की रेडर ने दिखाया दम। साक्षी कुमारी के दम को कमजोर करके अंक हासिल किए। भारत 28-10 से आगे।

पायल चौधरी की रेड खाली गई। भारतीय टीम 26-8 की बढ़त पर।

रणदीप की रेड से भारत ने दूसरी बार जापान को ऑलआउट किया और तीन अंक हासिल किए। भारतीय टीम अब 25-8 की बढ़त पर।

रणदीप की शानदार रेड। भारत 22-8 से आगे। जापान को ऑलआउट करने का दूसरा मौका।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम की शानदार शुरुआत। रितु ने बेहतरीन डिफेंस किया और उन्हें टीम का भरपूर साथ मिला। भारत अब 20-8 से आगे।

पहले हाफ में भारत 19-8 के अंतर से आगे

भारतीय टीम का शानदार डिफेंस। एक और अंक हासिल करते हुए स्कोर 19-8 से अपने पक्ष में किया।

साक्षी कुमारी का एक और बेहतरीन डिफेंस। उन्होंने जापानी रेडर का एंकल पकड़कर उसे धर दबोचा और भारत की बढ़त अब 10 अंक की हो गई है।

रणदीप ने भारत को एक और अंक दिलाया। भारतीय टीम 17-8 से आगे।

जापान की सफल रेड। भारतीय डिफेंडर रितु को पैर अड़ाकर किया आउट। जापान ने अंतर 8-16 किया।

भारतीय रेडर ने एक बोनस अंक हासिल किया और अब भारत 16-7 से आगे हो गया है।

रितु ने जापानी रेडर को तेजी से धक्का देकर बाहर किया और भारत को एक अंक दिलाया।

शानदार प्रदर्शन। भारतीय महिला कबड्डी टीम ने जापान को ऑलआउट किया और तीन अंक हासिल किए। भारतीय टीम ने बढ़त का अंतर 13-7 से विशाल किया।

पायल चौधरी का बेहतरीन डिफेंस। मनप्रीत के समर्थन से जापानी रेडर को किया आउट। भारत 10-7 की बढ़त पर।

जापान ने टाइमआउट लिया है। जापान पर ऑलआउट होने का खतर मंडरा रहा है। भारतीय टीम पूरी तरह हावी है और साक्षी कुमारी अब तक उसके लिए स्टार साबित हुई हैं।

साक्षी कुमारी की फिर वही चाल। तेजी से जापानी खेमे में घुसकर भारत को दिलाया अंक। भारत 9-7 की बढ़त पर।

भारत की कप्तान पायल चौधरी ने अच्छी रेड की और भारत को अंक दिलाया। भारतीय टीम ने टाइमआउट लिया है। स्कोर में भारत 8-6 की बढ़त पर।

जापान के रेडर को रोककर भारत ने अपनी बढ़त 7-4 की।

भारत की अनुभवी डिफेंडर साक्षी कुमारी ने भारत को शानदार बढ़त दिलाई। जापानी रेडर की रेड खत्म होते ही वह चुस्ती से जापानी खेमें में घुसी और एक खिलाड़ी को अपना शिकार बनाया। भारत 6-4 से आगे।

जापान की जोरदार वापसी, भारतीय रेडर रणदीप को रोकते हुए हासिल किए दो अंक। स्कोर का अंतर कम हुआ। भारत 5-4 से आगे।

साक्षी कुमार ने जापानी डिफेंडर को रोकते हुए कोर्ट से बाहर किया और इस पर दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला। भारतीय टीम 5-2 की बढ़त पर।

जापान की तरफ से सुपर टैकल हुआ। दो अंक मिले। स्कोर 4-1 से भारत के पक्ष में।

भारतीय रेडर ने आसानी से एक अंक हासिल किया और भारत की बढ़त 4-0 हुई। जापान की टीम को पहले अंक की तलाश।

2 - जापानी रेडर को भारत की डिफेंडर ने आसानी से रोका और भारत को इस पर दो अंक मिले।

1' : भारतीय टीम ने मैच का पहला अंक हासिल किया। कप्तान पायल चौधरी ने दाएं हाथ के इस्तेमाल से जापानी खिलाड़ी को आउट करके भारत को बढ़त दिलाई।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें