एशियाई क्रॉस कंट्री चैंपियनशिप में इस वर्ष रजत पदक जीतने वाले और टीसीएस वर्ल्ड बंगलूरू 10 किलोमीटर रेस में भारतीय वर्ग के विजेता लंबी दूरी के धावक हरमनजोत सिंह डोप में फंस गए हैं। नाडा की ओर से लिए गए उनके सैंपल में स्टेरायड मिटेंडिनॉन पाया गया है। उन पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया गया है। वह अब 18 अक्तूबर को होने वाली वेदांता दिल्ली हॉफ मैराथन में शिरकत नहीं कर पाएंगे। उन्हें इस प्रतिष्ठित हॉफ मैराथन में भारतीय वर्ग के विजेता का दावेदार माना जा रहा था।
12 अगस्त को लिया गया था सैंपल
नाडा ने पंजाब के हरमनजोत का आउट ऑफ कंपटीशन सैंपल ऊटी में 12 अगस्त को एशियाई खेलों की तैयारियों के लिए लगे शिविर में लिया था। उनकी डोप पॉजिटिव रिपोर्ट इसी सप्ताह आई है। हरमनजोत ने एशियाई खेलों के ट्रायल भुवनेश्वर में आयोजित इंटर स्टेट एथलेटिक मीट में 5000 मीटर का कांस्य पदक जीता था, लेकिन वह एशियाड टीम में जगह नहीं बना पाए थे। हरमनजोत को अब अपना बी सैंपल टेस्ट कराना होगा। अगर वह बी सैंपल में भी पॉजिटिव पाए जाते हैं तो उन्हें अपनी बेगुनाही नाडा के हियरिंग पैनल के समक्ष साबित करनी बोगी। वरना उन पर चार साल तक का प्रतिबंध लग सकता है। पिछले कुछ समय में मिडिल और लांग डिस्टेंस इवेंट में काफी एथलीट डोप में फंस रहे हैं। एशियाई खेलों से पहले अभिषेक पाल डोप पॉजिटिव पाए गए थे। वह एशियाड नहीं जा सके थे।