गत चैंपियन अमित पंघाल (52 किग्रा) और विकास कृष्ण (69 किग्रा) समेत ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर चुके ज्यादातर मुक्केबाजों को दुबई में 24 मई से शुरू होने वाली एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
महिला टीम में छह बार की विश्व चैंपियन एमसी मैरीकॉम (51 किग्रा) सहित टोक्यो के लिए क्वालिफाई करने वाली सभी चार खिलाड़ियों को जगह मिली है। यात्रा के लिए जरूरी स्वीकृति मिलने के बाद टीम 21 मई को दुबई रवाना होगी। इस चैंपियनशिप की मेजबानी भारत को करनी थी लेकिन कोविड-19 के कारण इसे दुबई स्थानांतरित किया गया।
भारत सह आयोजक बना रहेगा। टोक्यो का टिकट कटाने वाले मनीष कौशिक (63 किग्रा) और सतीश कुमार (+91 किग्रा) को टीम में शामिल नहीं किया गया है। यह दोनों कोरोना संक्रमण से उबर रहे हैं। पांच पुरुष मुक्केबाजों ने जुलाई-अगस्त में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए क्वालिफाई किया है। कौशिक की जगह चार बार के एशियन पदक विजेता शिव थापा और सतीश की जगह नरेंद्र को शामिल किया गया है।
टीम : पुरुष : विनोद तंवर (49 किग्रा), अमित पंघाल (52 किग्रा), मोहम्मद हुसामुद्दीन (56 किग्रा), वरिंदर सिंह (60 किग्रा), शिव थापा (64 किग्रा), विकास कृष्ण (69 किग्रा), आशीष कुमार (75 किग्रा), सुमित सांगवान (81 किग्रा), संजीत (91 किग्रा) और नरेंदर (91 किग्रा से अधिक)।
महिला : मोनिका (48 किग्रा), मैरीकॉ (51 किग्रा), साक्षी (54 किग्रा), जास्मिन (57 किग्रा), सिमरनजीत कौर (60 किग्रा), लालबुआतसाही (64 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (69 किग्रा), पूजा रानी (75 किग्रा), स्वीटी (81 किग्रा) और अनुपमा (81 किग्रा से अधिक)।