पूर्व ओलंपियन तरूणदीप ने पहले दौर मे आस्ट्रिया के डोमीनिक इराश को 7-3 से हराने के बाद स्लोवेनिया के गास्पर स्ट्रेजर को 6-4 से हराकर तीसरे दौर में जगह बनाई। तरूणदीप अगले दौर में जापान के 17 साल के ओशिमा तेत्सुया से भिड़ेंगे। भारत के नंबर एक तीरंदाज अतनु दास हालांकि मैक्सिको के 19 साल के कार्लोस रोजास के खिलाफ 3-7 की हार से प्रतियोगिता से बाहर हो गए। दुनिया की पूर्व नंबर एक दीपिका ने पहले दौर में किर्गिस्तान की जिबेक कनातबेक किजी जिबेक को 6-0 से हराया।
दूसरे दौर में दीपिका को हालांकि 1992 बार्सीलोना ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता 45 साल की खातुना लोरिग की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा और उन्होंने शूटआफ में 6-5 से जीत दर्ज की। वह अगले दौर में उक्रेन की वेरोनिका मार्चेन्को से भिड़ेंगी। लैशराम बोम्बायला देवी भी अगले दौर में जगह बनाने में सफल रही।