भारतीय महिला टीम ने अब तक ओलंपिक के लिए क्वालीफाई नहीं किया है लेकिन दीपिका ने कहा कि इस अनुभव से मदद मिलेगी। तोक्यो ओलंपिक से पूर्व अपने पहले टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे युमेनोशिमा तीरंदाजी फील्ड के संदर्भ में दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी दीपिका ने कहा, ‘‘हमने यह स्थान देख लिया है। उम्मीद करते हैं कि अगर हम इस तरह का प्रदर्शन जारी रखते हैं तो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लेंगे।'
जून 2018 में साल्ट लेक सिटी में विश्व कप के तीसरे चरण में स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह दीपिका का विश्व प्रतियोगिता में पहला व्यक्तिगत फाइनल था। दीपिका ने सेमीफाइनल में चीन की आठवीं वरीय झेंग यिचाई को 6-0 से शिकस्त दी जबकि इटली की तातियाना आंद्रोली के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में 0-4 से पिछड़ने के बाद वह टाईब्रेकर में 6-5 से जीत दर्ज करने में सफल रही।
दीपिका की अनुभवी साथी लैशराम बोमबायला देवी को हालांकि दूसरे दौर के रोमांचक मुकाबले में टाईब्रेक में मलेशिया की नूर आलिया घापर के खिलाफ 5-6 से हार झेलनी पड़ी। कोमालिका बारी पहले दौर में ही इना स्टेपानोवा के खिलाफ 4-6 से हार गई।
पुरुष वर्ग में देश के शीर्ष खिलाड़ी अतनु दास को दूसरे दौर में कोरिया के बेई जेहियोन के खिलाफ 4-6 से हार झेलनी पड़ी। सेना के तरूणदीप राय और प्रवीण जाधव अपने अपने पहले दौर के मुकाबले हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।