तमिलनाडु की अर्चना एस ने 59वीं राष्ट्रीय अंतर प्रांत एथलेटिक्स चैम्पियनशिप के पहले दिन महिलाओं की 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता जबकि शुरूआती दिन काफी अव्यवस्था देखने को मिली। नाडा के डोप नियंत्रण अधिकारी अभी तक खिलाड़ियों के डोप नमूने लेने नहीं पहुंचे हैं।
उत्तर प्रदेश एथलेटिक्स संघ के सचिव पी के श्रीवास्तव ने सोमवार को कहा था कि नाडा अधिकारी मंगलवार को आएंगे। महत्वपूर्ण टूर्नामेंटों में डोपिंग निरोधक व्यवस्था नहीं होने से उसकी चमक कम हुई है।
अर्चना ने 23 . 39 सेकंड का समय निकालकर अपने ही प्रांत की वी रेवती को हराया जबकि तमिलनाडु की ही धन लक्ष्मी को कांस्य पदक मिला। कोई भी एथलीट विश्व चैम्पियनशिप का क्वालीफाइंग मार्क नहीं छू सका। पुरूषों की 5000 मीटर दौड़ में तमिलनाडु के जी लक्ष्मणन और महिला वर्ग में पारूल चौधरी ने बाजी मारी।
इस चैम्पियनशिप में कई शीर्ष खिलाड़ी भाग ले रहे हैं हालांकि भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने घोषणा की थी कि चार दिवसीय चैम्पियनशिप दोहा में 28 सितंबर से छह अक्तूबर तक होने वाली विश्व चैम्पियनशिप के लिये क्वालीफाइंग टूर्नामेंट होगी।