विश्व चैंपियनशिप की रजत पदक विजेता अंजुम मोदगिल ने राष्ट्रीय निशानेबाजी ट्रायल में महिला 50 मीटर राइफल प्रोन का खिताब जीत लिया। तरुण यादव ने पुरुष 50 मीटर राइफल प्रो स्पर्धा जीती जबकि अनु राज सिंह ने महिला 25 मीटर पिस्टल (स्पोर्ट्स पिस्टल) का खिताब जीता।
बुधवार को महिला 10 मीटर एयर राइफल में पदक जीतने में नाकाम रही अंजुम ने गुरुवार को प्रोन में 619.4 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने पूर्व विश्व चैंपियन तेजस्विनी सावंत को पछाड़ा जो 618.9 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहीं। पुरुष प्रोन स्पर्धा में दिल्ली के तरुण यादव ने 623 .9 अंक के साथ खिताब जीता।
एकमात्र ओलंपिक स्पर्धा फाइनल में अनु राज सिंह ने फाइनल में 37 के स्कोर के साथ खिताब अपने नाम किया। वह एशियाई खेलों की चैंपियन राही सरनोबत से काफी आगे रही जिन्होंने 29 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। राही हालांकि क्वालीफिकेशन में 588 अंक के साथ शीर्ष पर रही थी।