अंजुम मोदगिल और मेहुली घोष ने त्रिवेंद्रम में चल रही 62वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप स्पर्धाओं (एनएससीसी) में मंगलवार को अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। अंजुम ने अर्जुन बाबुता के साथ मिलकर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता, जब उन्होंने पंजाब को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा का स्वर्ण दिलाने में मदद की।
पश्चिम बंगाल की मेहुली ने जूनियर और युवा मिश्रित टीम खिताब जीतकर टूर्नामेंट में अपना पांचवां और छठा स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले उन्होंने महिला जूनियर और युवा व्यक्तिगत और टीम स्वर्ण पदक जीता था।
अंजुम और उनके जोड़ीदार अर्जुन ने क्वालीफाइंग में 828.9 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहते हुए पांच निशानेबाजों के फाइनल में जगह बनाई। अयोनिका पाल और अखिल श्योरान की भारत की अंतरराष्ट्रीय जोड़ी ने रेलवे का प्रतिनिधित्व करते हुए 829.9 अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया था।
पंजाब की जोड़ी हालांकि फाइनल में 497 .3 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही। दिव्यांश सिंह पंवार और बरखा चौहान की राजस्थान की जोड़ी ने 496 .6 अंक के साथ रजत पदक जीता। हरियाणा को कांस्य पदक मिला।
मेहुली ने जूनियर और युवा मिश्रित टीम स्पर्धा दोनों में अभिनव शा के साथ जोड़ी बनाई। इस जोड़ी ने जूनियर फाइनल में 498 .2 जबकि युवा फाइनल में 498 .8 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीते। जयपुर में शाटगन राष्ट्रीय चैंपियनशिप में पृथ्वीराज तोंडाइमान पहले दिन 50 में से परफेक्ट 50 का स्कोर बनाकर शीर्ष पर चल रहे हैं। मानजीत सिंह संधू सहित तीन खिलाड़ी 49 के स्कोर से दूसरे स्थान पर हैं।
इनपुट-भाषा