जूनियर विश्व कप के चैंपियन ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने सरदार सज्जन सिंह सेठी मेमोरियल मास्टर्स निशानेबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों की राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में भी सोने पर निशाना साधा। मध्यप्रदेश के 18 साल के ऐश्वर्य अंतिम शॉट में 10.7 अंक जुटाकर कुल 459.9 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे।
आईएसएसएफ टूर्नामेंट में कई पदक जीत चुके संजीव राजपूत (455.5) को रजत से संतोष करना पड़ा। पारूल कुमार के खाते में कांसा आया। फाइनल में रवि कुमार और दीपक कुमार के अलावा 2018 विश्व कप चरण के स्वर्ण पदकधारी अखिल श्योराण भी मौजूद थे। ऐश्वर्य ने 1166 के स्कोर से क्वालिफायर में तीसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी। पंजाब के तिनजीत धनोटा पुरुषों की और तेलंगाना की ईशा सिंह महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में चैंपियन बने।