रियो ओलंपिक से लौटी एक और भारतीय एथलीट ओपी जैशा को स्वाइन फ्लू हो गया है। उनका एच-1 एन 1 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया है।
दो दिन पहले अन्य एथलीट सुधा सिंह को भी स्वाइन फ्लू सक्रंमण होने की पुष्टि हो चुकी है। भारतीय खेल प्राधिकरण के क्षेत्रीय निदेशक श्याम सुंदर ने बताया कि पिछले हफ्ते रियो से बंगलूरू आईं ओपी जैशा बुखार से ग्रस्त थीं और उन्होंने शरीर में दर्द की शिकायत की थी।
जैशा ने रियो ओलंपिक में मैराथन में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा कि जैशा को ब्लड सैंपल के लिए काफी मनाना पड़ा। एक दिन पहले ही उन्होंने अधिकारियों के काफी समझाने के बाद अपने रक्त का नमूना दिया।
वह 21 अगस्त को छुट्टी का आवेदन कर भारतीय खेल प्राधिकरण के सेंटर से चली गईं थी लेकिन वह अपने गृहनगर केरल जाने की जगह बंगलूरू में ही रहीं और बुधवार को ही स्वास्थ्य और साई अधिकारी उनसे संपर्क कर पाए।
उनके ब्लड सेंपल को राजीव गांधी चेस्ट इंस्टीट्यूट भेजा गया और उनका सैंपल एच 1 एन1 से संक्रमित पाया गया। इससे पहले सुधा सिंह को एच 1 एन1 से संक्रमित पाया गया और वह 20 अगस्त से अस्पताल में भर्ती हैं। पहले उनका संदिग्ध जीका वायरस का इलाज किया जा रहा था।