एशियाई खेलों के जरिए अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में पदार्पण करने जा रहे वकील अभिषेक वर्मा इससे कतई विचलित नहीं हैं और उन्हें अच्छे प्रदर्शन का यकीन है। एयर पिस्टल निशानेबाज 29 बरस के वर्मा ने कहा, 'मैं बहुत रोमांचित हूं और मुझे अच्छे प्रदर्शन का यकीन है।'
उन्होंने कहा, 'मैं कुछ समय से तैयारियां कर रहा था और मैने बहुत मेहनत की है। मुझे उम्मीद है कि पहली प्रतिस्पर्धा होने के बावजूद मैं अच्छा प्रदर्शन कर सकूंगा।' सेवारत न्यायाधीश के बेटे अभिषेक ने कुरूक्षेत्र यूनिवर्सिटी से विधि में स्नातक किया है। उन्होंने पांचवें राष्ट्रीय चयन ट्रायल में अच्छे प्रदर्शन के जरिये टीम में जगह बनाई।
मिश्रित एयर पिस्टल में वह मनु भाकर के साथ उतरेंगे। उन्होंने कहा, 'मैंने तीन साल पहले निशानेबाजी शुरू की जब मेरे पिता हिसार में थे। मैं वहां जिम जाता था जिसके पास निशानेबाजी रेंज थी। वहीं पर मैने पहली बार बंदूक उठाई।' उन्होंने केरल राष्ट्रीय निशानेबाजी में रजत पदक जीता और ओपन वर्ग में 12वां स्थान हासिल किया।