एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता दीपक सिंह (49 किग्रा) और पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन निखत जरीन (51 किग्रा) सहित सात भारतीय मुक्केबाजों ने सोमवार को थाईलैंड ओपन के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली।
बैंकाक में थाइलैंड अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दीपक और निखत के अलावा इंडिया ओपन की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता मनीषा मोन (57 किग्रा), एशियाई चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता आशीष कुमार (75 किग्रा), स्ट्रैंडजा कप की रजत पदक विजेता मंजू रानी (48 किग्रा) और इंडिया ओपन के रजत पदक विजेता ब्रिजेश यादव (81 किग्रा) भी अंतिम आठ खिलाड़ियों में जगह बनाने में सफल रहे।
महिला 75 किग्रा वर्ग में भाग्यवती कचारी पहले ही पहले दौर में बाई मिलने के बाद क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर चुकी थी। दीपक ने दबदबा बनाते हुए मोरक्को के सेद मोर्ताजी को 5-0 से हराया। अब वह पदक पक्का करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
मनीषा ने भी एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड की संजीवनी श्रीमाली को 5-0 से हराया। दूसरी तरफ आशीष को स्थानीय दावेदार अफीसित कननखोखुरिया को 4-1 से हराने में मशक्कत करनी पड़ी। निखत ने आस्ट्रेलिया की तास्मिन बेनी को 5-0 से हराया जबकि मंजू रानी ने लाओस की चानतिलाथ दाओमायुली को 5-0 से शिकस्त दी। ब्रिजेश ने क्रोएशिया के मातेज उरेमोविच को 5-0 से हराया।