हॉकी एसोसिएशन ऑफ ओडिशा ने 16वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष नेशनल चैंपियनशिप 2026-डिविजन ए का खिताब अपने नाम कर लिया। कोयंबटूर, तमिलनाडु में खेले गए रोमांचक फाइनल में ओडिशा ने हॉकी मध्य प्रदेश को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा किया।
दूसरे मिनट में ओडिशा ने बनाई बढ़त
फाइनल में ओडिशा ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम को इसका फायदा दूसरे ही मिनट में मिला, जब मंदीप केरकेट्टा ने गोल कर ओडिशा को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती बढ़त के बाद मध्य प्रदेश पर दबाव बढ़ गया।मध्य प्रदेश ने वापसी के लिए लगातार प्रयास किए और कई मौके बनाए, लेकिन ओडिशा की रक्षापंक्ति ने मजबूती से डटकर मुकाबला किया। दोनों टीमों के बीच मिडफील्ड में गेंद पर नियंत्रण के लिए कड़ा संघर्ष देखने को मिला और आक्रमण में मौके बनाने की कोशिश जारी रही।
37वें मिनट में मध्य प्रदेश ने की बराबरी
मध्य प्रदेश को आखिरकार 37वें मिनट में सफलता मिली। सोहिल अली ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया और मुकाबले को रोमांचक स्थिति में पहुंचा दिया। बराबरी के बाद दोनों टीमों ने निर्णायक बढ़त हासिल करने के लिए जोर लगाया। अंतिम क्वार्टर में ओडिशा ने अपने खेल में और तेजी लाई और कप्तान दीपक प्रधान ने 45वें मिनट में गोल कर टीम को एक बार फिर 2-1 से आगे कर दिया।