जोकोविच ने लिखा- रोजर इस दिन को देखना और इस खेल में हमने जो कुछ भी साझा किया है, उसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। एक दशक से ज्यादा समय तक कोर्ट पर हमारी लड़ाई और बहुत कुछ है जिसे मैं याद कर सकता हूं। आपके करियर ने उत्कृष्टता हासिल करने और ईमानदारी और शिष्टता के साथ नेतृत्व करने का अर्थ निर्धारित किया है।
जोकोविच ने लिखा- मुझे पता है कि यह नया अध्याय आपके लिए, मिर्का, बच्चों, आपके सभी प्रियजनों और फैन्स के लिए नई खुशियां लेकर आएगा। मैं आपके जीवन में बहुत खुशी, अच्छे स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करता हूं। फेडरर ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर संन्यास का एलान कर सभी को चौंका दिया था। इस महीने के अंत में होने वाला लेवर कप उनका आखिरी प्रोफेशनल टूर्नामेंट होगा।
फेडरर ने अपना पहला ग्रैंड स्लैम वर्ष 2003 में जीता था। तब उन्होंने विम्बलडन खिताब जीता था। तब से फेडरर छह ऑस्ट्रेलियन ओपन, एक फ्रेंच ओपन, आठ विम्बलडन और पांच यूएस ओपन खिताब जीत चुके हैं। फेडरर ने 2018 में 20वां और आखिरी ग्रैंड स्लैम जीता था। तब वह ऐसा करने वाले पहले टेनिस खिलाड़ी थे। 2018 में ऑस्ट्रेलिया ओपन के फाइनल में फेडरर ने मारिन सिलिच को हराया था। पिछले साल जुलाई में वह आखिरी बार कोर्ट में उतरे थे। लेवर 23 से 26 सितंबर के बीच लंदन में खेला जाएगा।