कोर्ट फिलिपे चैट्रियर में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पहले दो सेट में दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हालांकि, तीसरे सेट में अल्काराज को क्रैम्प आया और वह दर्द में दिखे। इसके बाद वह खेले तो जरूर, लेकिन पूरी फिटनेस नहीं दिखा सके। इसका फायदा जोकोविच ने उठाया और अगले दो सेट 6-1, 6-1 से जीत लिए। दूसरे सेट के दौरान जोकोविच ने एक ऐसा शॉट लगाया, जिसे देखकर कोर्ट अरेना में मौजूद सभी लोग और यहां तक कि जोकोविच भी हैरान रह गए।
अल्काराज ने दूसरे सेट में एक ऐसा शॉट लगाया, जिसे देखकर पूर्व दिग्गज टेनिस प्लेयर रोजर फेडरर की याद आ गई। दरअसल, जोकोविच ने एक शॉट खेला जिसमें गेंद अल्काराज से आगे निकल गई थी। सबको ऐसा लगा कि अब अल्काराज इसे लॉफ्ट करेंगे, लेकिन उन्होंने चौंकाते हुए पीछे दौड़कर जोकोविच की दाईं और गेंद को फ्लिक कर दिया और पॉइंट हासिल किए। इस शॉट को देखकर अरेना में मौजूद दर्शकों ने स्टैंडिंग ओवेशन दिया।
वहीं, जोकोविच भी इस शॉट की तारीफ किए बिना नहीं रह सके। उन्होंने भी ताली बजाकर अल्काराज की तारीफ की। फेडरर ने भी 2006 में फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में डेविड नालबैंडियन के खिलाफ कुछ इसी तरह का शॉट खेला था। मैच के बाद जोकोविच ने कहा- यह हम दोनों के लिए शारीरिक रूप से बहुत कठिन था। मैच के दौरान शरीर का थक जाना और मोच आना आम बात है। हालांकि, अल्काराज अंतिम समय तक लड़ते रहे, इसके लिए सम्मान। अपने 34वें ग्रैंड स्लैम फाइनल में जोकोविच का सामना कैस्पर रूड से होगा।