किर्गियोस ने पॉजिटिव टेस्ट पर दी प्रतिक्रिया
किर्गियोस ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए डोपिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाए जाने की बात स्वीकार की। उन्होंने माना कि उनसे बहुत बड़ी गलती हुई और उन्होंने अपने कृत्य की पूरी जिम्मेदारी ली। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में चोटों के कारण उन्हें मानसिक और शारीरिक तौर पर काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। किर्गियोस ने कहा कि यह निलंबन उनके लिए जरूरी वेक-अप कॉल है और वह अगले 28 दिनों तक सोशल मीडिया और सार्वजनिक जीवन से दूर रहकर खुद पर ध्यान देंगे।
उन्होंने लिखा, 'मैं चाहता था कि यह बात सबसे पहले आप मुझसे सुनें। मल्लोर्का में हुए ड्रग टेस्ट में कोकीन के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद मैंने बहुत बड़ी गलती की है और मैं इसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। मैं अपने प्रशंसकों, परिवार, प्रायोजकों और अपने करीबियों से माफी मांगता हूं। सबसे बढ़कर, मैं उन बच्चों से माफी मांगता हूं जो मुझे फॉलो करते हैं। मैं जानता हूं कि इससे कैसा उदाहरण सामने आता है और मैं खुद से बेहद निराश हूं।'