दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने शनिवार को चेक गणराज्य के दिग्गज कोच यान जेलेज्नी के साथ अपनी साझेदारी समाप्त करने की घोषणा की। यह साझेदारी सिर्फ एक सीजन तक चली, जिसे नीरज ने प्रगति, आपसी सम्मान और खेल के प्रति साझा जुनून से भरा बताया। हालांकि, नीरज ने इस करार के खत्म होने की कोई ठोस वजह नहीं बताई।
नीरज ने की जेलेज्नी की तारीफ
यान जेलेज्नी भाला फेंक के इतिहास के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक हैं और विश्व रिकॉर्ड धारक भी हैं। उन्हीं के मार्गदर्शन में नीरज चोपड़ा ने पिछले साल पहली बार 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। अपने अनुभव को साझा करते हुए नीरज ने कहा कि जिस खिलाड़ी को वह बचपन से अपना आदर्श मानते आए हैं, उससे सीधे सीखना उनके लिए सपने के सच होने जैसा था। उन्होंने कहा, 'यान के साथ काम करने से मुझे एक नया टूलबॉक्स मिला, नई एक्सरसाइज, तकनीकी विचार और खेल को देखने के नए नजरिए। तकनीक, रिद्म और मूवमेंट को लेकर उनकी सोच अद्भुत है। हर सेशन से मैंने कुछ नया सीखा।' उन्होंने आगे कहा, 'मुझे सबसे ज्यादा गर्व इस बात का है कि मैंने अपने जीवन के आदर्श के साथ एक गहरी दोस्ती बनाई। जान न केवल अब तक के सबसे महान भाला फेंक खिलाड़ी हैं, बल्कि सबसे बेहतरीन इंसानों में से भी एक हैं।'
जेलेज्नी ने भी नीरज के साथ साझेदारी को सराहा
59 वर्षीय यान जेलेज्नी ने भी इस साझेदारी को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, 'नीरज जैसे एथलीट के साथ काम करना एक शानदार अनुभव रहा। मुझे खुशी है कि हम साथ आए और मैंने उन्हें पहली बार 90 मीटर की बाधा पार कराने में मदद की।' उन्होंने आगे बताया कि विश्व चैंपियनशिप को छोड़कर नीरज लगभग हर प्रतियोगिता में कम से कम दूसरे स्थान पर रहे, जो एक बेहतरीन रिकॉर्ड है। हालांकि, टोक्यो से 12 दिन पहले लगी पीठ की चोट ने उनके प्रदर्शन को काफी प्रभावित किया।