भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा और पेरिस ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता पाकिस्तान के अरशद नदीम के बीच सिलेसिया डायमंड लीग मीट में भिड़ंत नहीं होगी। नीरज और नदीम के बाद 16 अगस्त को पोलैंड के सिलेसिया में होने वाले इस लीग की प्रविष्टि सूची में शामिल नहीं हैं। अभी इस बात का पता नहीं चल सका है कि नीरज का नाम लिस्ट में क्यों नहीं हैं।
प्रशंसकों को नीरज-नदीम के बीच मैच देखने की थी उम्मीद
इससे पहले नौ जुलाई को सिलेसिया डायमंड लीग के आयोजकों ने दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज और अरशद नदीम की भागीदारी की घोषणा की थी। इससे एथलेटिक्स प्रशंसक दोनों दक्षिण एशियाई प्रतिद्वंद्वियों के बीच एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद कर रहे थे। नदीम को हालांकि पिछले महीने के अंत में पिंडली की मांसपेशियों की सर्जरी करानी पड़ी थी, जिससे उनकी भागीदारी और इस मुकाबले पर संदेह पैदा हो गया था।
नीरज और नदीम की गैरमौजूदगी के बीच इस प्रतियोगिता में जर्मनी के जूलियन वेबर, ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स, केन्या के जूलियस येगो, त्रिनिदाद एवं टोबैगो के केशोर्न वालकॉट जैसे दिग्गज नाम शामिल हैं। इनके अलावा जापान के डीन रॉडरिज जेनकी, मोल्दोवा के एंड्रियन मार्डारे और पोलैंड के मिर्जिगॉल्ड सिप्रियन जैसे खिलाड़ी भी इसमें चुनौती पेश करेंगे।
नीरज डायमंड लीग तालिका में वेबर के साथ शीर्ष पर
नीरज सिलेसिया के बाद 22 अगस्त को डायमंड लीग के ब्रसेल्स चरण में हिस्सा नहीं लेने के बावजूद भी 28 अगस्त को ज्यूरिख में होने वाले फाइनल के लिए क्वालिफाई कर सकते हैं। नीरज के नाम दो डायमंड लीग प्रतियोगिताओं में एक खिताब और एक दूसरा स्थान हासिल करने के बाद 15 अंक हैं। वह तालिका में वेबर के साथ पहले स्थान पर हैं। वहीं एंडरसन और वालकॉट 10-10 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर हैं। ब्रसेल्स चरण के बाद शीर्ष छह खिलाड़ी ज्यूरिख में होने वाले डायमंड लीग फाइनल में भाग लेंगे। नीरज की पिछली प्रतियोगिता पांच जुलाई को बंगलूरू में हुए एनसी क्लासिक थी। उन्होंने अपनी मेजबानी वाली इस स्पर्धा में 86.18 मीटर भाला फेंककर खिताब जीता था।