अमेरिका और भारत के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज 'चेकमेट' शतरंज टूर्नामेंट के पहले चरण में टीम अमेरिका ने भारत को 5-0 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण जीत नहीं, बल्कि अमेरिका के हिकारू नाकामुरा का विवादित जश्न रहा, जिसने सोशल मीडिया पर बवाल मचा दिया है। विश्व रैंकिंग में नंबर दो पर काबिज नाकामुरा (FIDE रेटिंग 2816) ने मौजूदा विश्व चैंपियन डी गुकेश को हराकर अमेरिका को बढ़त दिलाई। बाकी बोर्ड्स पर भी भारतीय खिलाड़ी लय नहीं पकड़ सके।
नाकामुरा ने फेंका गुकेश का राजा का मोहरा
अन्य मुकाबलों में फाबियानो करूआना ने अर्जुन एरिगैसी को मात दी। कारिसा यिप ने दिव्या देशमुख को हराया, लेवी रोजमैन ने सागर शाह को पराजित किया और तानी अडेवूमी ने एथन वाज को शिकस्त दी। लेकिन नाकामुरा का जश्न चर्चा का विषय बन गया। जीत के तुरंत बाद उन्होंने गुकेश के राजा (किंग) मोहरे को उठाकर दर्शकों की ओर फेंक दिया, जिससे हॉल में मौजूद लोग हैरान रह गए। कई दर्शकों और ऑनलाइन फैंस ने इसे खेल भावना के खिलाफ बताया और नाकामुरा की आलोचना शुरू कर दी।
गुकेश ने संयम से जीता प्रशंसकों का दिल
इसके बावजूद डी गुकेश ने अपनी शांत और गरिमापूर्ण प्रतिक्रिया से सबका दिल जीत लिया। सोशल मीडिया पर लोग उनके संयम और खेल भावना की तारीफ कर रहे हैं। अब सबकी निगाहें हैं चेकमेट के दूसरे चरण पर है, जो जल्द ही भारत में आयोजित होगा। वहां गुकेश के पास पलटवार करने का सुनहरा मौका होगा और फैंस को एक और रोमांचक भिड़ंत देखने को मिलेगी।