एशियाई खेलों की मेजबानी के लिए जापान का नागोया शहर पूरी तरह तैयार है, लेकिन इस महाद्वीपीय प्रतियोगिता से 10 दिन पहले रिकॉर्ड बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दी है। नागोया में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। आठ सितंबर को मध्य जापानी शहर के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हुई, जिससे दर्जनों सड़कें और घर जलमग्न हो गए। इस दौरान बस और मेट्रो सेवाएं भी अस्थायी रूप से बाधित हुईं और लगभग 3,500 लोगों को आपातकालीन राहत केंद्रों में शरण लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।
नागोया के मेयर ने दी जानकारी
नागोया के मेयर इचिरो हिरोसावा ने बताया किया कि शहर में पहले ही पहुंच चुके लगभग 400 एथलीटों और अधिकारियों को कुछ समय के लिए सुरक्षित ऊंचाई वाले स्थानों पर पहुंचाया गया। जापानी मीडिया द्वारा प्रसारित फुटेज में डूबी हुई सड़कें और जलमग्न मेट्रो स्टेशन सहित पूरे शहर में व्यापक बाढ़ के दृश्य दिखाई दिए। छतों से पानी टपकने की घटनाएं भी सामने आई हैं, लेकिन मेयर हिरोसावा ने स्पष्ट किया कि एशियाई खेलों के दर्जनों वेन्यू को कोई गंभीर नुकसान नहीं पहुंचा है।
एशियाड की मेजबानी में नहीं आएगी दिक्कत
हिरोसावा ने कहा, 'हम वेन्यू की स्थिति को लेकर चिंतित नहीं हैं और हमें पूरा विश्वास है कि एशियाई खेलों का आयोजन योजना के अनुसार करने में कोई समस्या नहीं आएगी।' एशियाई खेलों का उद्घाटन नागोया और आसपास के क्षेत्रों में 19 सितंबर को होगा और यह चार अक्तूबर तक चलेंगे।
भारत का एशियाई खेल दल
खेल मंत्रालय ने हाल ही में आइची-नागोया में होने वाले 20वें एशियाई खेलों में भाग लेने वाले 503 एथलीटों के लिए 246 टीम अधिकारियों और कोचों के दल को मंजूरी दे दी है, जिसमें एथलेटिक्स और क्रिकेट को सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ मिला है। मंत्रालय ने मूल रूप से 35 स्पर्धाओं में 492 एथलीटों को मंजूरी दी थी, लेकिन जैसा कि अनुमान था उसके बाद से कुछ नाम और जोड़े गए हैं, जिनमें मुख्य रूप से एथलेटिक्स दल में शामिल है, जिसके सदस्यों की संख्या 73 से बढ़कर 79 हो गई है। चार सर्फर्स को भी मंजूरी मिल गई है, जिससे भारत की भागीदारी अब 36 स्पर्धाओं तक पहुंच गई है।
चीफ डी मिशन सहदेव यादव और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनशा पारदीवाला सहित 19 दल कर्मचारियों को मिलाकर भारत की कुल दल संख्या अब 768 हो गई है। एथलेटिक्स दल, जो चोटिल भाला फेंक सुपरस्टार नीरज चोपड़ा के बिना उतरेगा उन्हें राष्ट्रीय कोच पी. राधाकृष्णन के नेतृत्व में 20 कोचों सहित 31 सदस्यों का सबसे बड़ा सपोर्ट स्टाफ मिला है। चोपड़ा के कोच जय चौधरी और फिजियो ईशान मारवाह इसके बावजूद सपोर्ट स्टाफ की सूची में शामिल हैं। पुरुष और महिला क्रिकेट टीमें, जो खेलों में स्वर्ण पदक का बचाव करने उतरेंगी उन्हें वीवीएस लक्ष्मण (पुरुष टीम के लिए) और अमोल मजूमदार (महिला टीम के लिए) के नेतृत्व में 20 सदस्यों का सपोर्ट स्टाफ मिला है। दोनों टीमों को वह पूरा सपोर्ट स्टाफ दिया गया है जो आमतौर पर उनके साथ यात्रा करता है, जिसमें क्रिकेट संचालन अधिकारी मारूफ फजांदार भी शामिल हैं, जिन्हें टीम लीडर बनाया गया है।
पुरुष और महिला टीमों वाली 40 सदस्यीय हॉकी टीमों को छह कोचों और तीन फिजियोथेरेपिस्ट सहित 14 लोगों का सपोर्ट स्टाफ प्रदान किया गया है। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के नेतृत्व वाले निशानेबाजी दल को 11 कोचों सहित 17 सदस्यों का सपोर्ट स्टाफ सहायता देगा। 20 सदस्यीय बैडमिंटन टीम के लिए राष्ट्रीय कोच पुलेला गोपीचंद के साथ इंडोनेशिया के इरवान्स्याह और मलयेशिया के टैन किम हेर जैसे विदेशी कोच भी यात्रा करेंगे।