वर्ल्ड कप 2015 का महायुद्ध शुरू होने में अब 9 दिन का वक्त शेष रह गया है। ये बात तो सभी जानते हैं कि वर्ल्ड कप 2015 के सभी मैच ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की धरती में खेले जाएंगे।
लेकिन इन सब के बीच एक बात काफी रोचक है कि इस वर्ल्ड कप में भारत के एक जनपद जालंधर की धूम रहेगी। मैच के दौरान कई दिग्गज क्रिकेटरों द्वारा लगाए जाने वाले हर चौके और छक्के के पीछे जालंधर का गुणगान गाया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होने वाले 2015 क्रिकेट विश्वकप में जालंधर में बने बल्लों से ही चौके- छक्कों की बरसात होगी। वर्ल्ड कप में तीन देशों के कप्तान जालंधर स्पार्टन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज के बैट से खेलने की तैयारी में हैं।
स्पार्टन स्पोर्ट्स ने तीन देशों के कप्तानों समेत कई खिलाड़ियों के लिए बैट तैयार किए हैं, जिन्हें करीब 15 दिन पहले ही खिलाड़ियों के पास भिजवा दिया गया है।
क्रिस गेल का बैट है सबसे खास
स्पार्टन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज कंपनी ने भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क, इग्लैंड के कप्तान इयान मोर्गन, वेस्टइंडीज के हरफनमौला क्रिस गेल समेत कई खिलाड़ियों को बैट बनवाकर भेजे हैं। स्पार्टन स्पोर्ट्स ने इन बल्लों का वजन और शेप खिलाड़ियों की पसंद के हिसाब से तैयार की है।
क्रिस गेल का बैट सभी खिलाड़ियों के बल्ले से भारी बनाया गया है। उनके बल्ले का साइज बड़ा और वजन एक किलो 350 ग्राम रखा गया है। इसके अलावा सभी क्रिकेटरों के बैट का वजन एक किलो 150 ग्राम के पास रखा गया है।
फुटबाल चौक स्थित स्पार्टन स्पोर्ट्स शोरूम के मालिक अमित शर्मा ने कहा कि सभी खिलाड़ियों के बैट बनवाकर भिजवा दिए गए हैं। क्रिकेटरों की डिमांड के अनुसार ही बल्लों के तैयार करवाया गया है।
2008 में मिला था पहला ऑर्डर
फुटबाल चौक स्थित स्पार्टन स्पोर्ट्स शोरूम के मालिक अमित शर्मा ने बताया, "2008 में उनकी कंपनी को सबसे पहले ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए बल्ले बनाने का ऑर्डर मिला था। बैट पंसद आने के बाद यह सिलसिला चलता रहा और आज वर्ल्ड कप में हमारी कंपनी द्वारा बनाए गए बल्ले क्रिकेटरों की पहली पसंद है।"
उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया की पिच तेज है इसी बात को ध्यान में रखते हुए बल्ला बनाने में ज्यादा ध्यान बैलेंस पर दिया गया है, क्योंकि बैलेंस ही क्रिकेटरों की परफार्मेंस निखारता है।
उन्होंने कहा कि हर एक खिलाड़ी के लिए 20 के करीब बैट बनाए जाते हैं, जिनमें से क्रिकेटर खुद की पसंद के तीन बैट चुनते हैं।