नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (नाडा) के पिछले दो साल में किए गए डोप टेस्ट में 250 से अधिक खिलाड़ी पॉजिटिव पाए गए।
डोपिंग में पकड़े गए एथलिटों में सबसे अधिक संख्या भारोत्तोलकों की है। लोकसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी देते हुए कहा कि 279 खिलाड़ी पिछले दो साल में डोप टेस्ट में फेल हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘सरकार और नाडा देश में डोप फ्री खेल के आयोजन के लिए लगातार काम कर रही है। समय समय पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों का डोप टेस्ट कर नाडा बेहद सख्ती बरत रहा है। सरकार भी दागी खिलाड़ियों के खिलाफ जीरो टोलेरेंस की नीति पर चल रही है।’
खेल मंत्री ने बताया कि डोपिंग के सर्वाधिक मामले भारोत्तोलन, मुक्केबाजी, कबड्डी और एथलेटिक्स में सामने आए हैं। दागी खिलाड़ियों को दो माह से लेकर आठ साल तक प्रतिबंधित किए जाने का प्रावधान है।