पूर्व साइकिलिंग चैंपियन और लगातार पांच बार के टूर डि फ्रांस खिताब के विजेता रहे माइगेल इन्डूरेन ने डोपिंग के आरोप में प्रतिबंधित चैंपियन लांस आर्मस्ट्रांग को निर्दोष बताया है। उन्होंने कहा, ‘मैं अब भी मानता हूं कि आर्मस्ट्रांग निर्दोष हैं। उन्होंने हमेशा ही खेल के नियमों का पालन किया है। उन्होंने इससे पहले भी कई बार अपने ऊपर लगे आरोपों का सामना किया और उसे जीता है।’
1991 से 1995 तक लगातार पांच बार टूर डी फ्रांस अपने नाम करने वाले इन्डूरेन ने कहा, ‘मुझे इस बात की हैरानी है कि आर्मस्ट्रांग अब लड़ना नहीं चाहते हैं। मुझे लगता है कि आर्मस्ट्रांग को एक बार फिर से अपनी लड़ाई जारी रखनी चाहिए और लोगों को दिखाना चाहिए कि उन्होंने जो भी खिताब जीते वह अपनी मेहनत से हासिल किए थे और उन्होंने किसी को धोखा नहीं दिया था।’
इन्डूरेन ने आर्मस्ट्रांग के डोपिंग मामले की जांच कर रही एजेंसियों द्वारा पेश किए गए सबूतों की वैधता पर भी सवाल उठाए हैं।