ओलंपिक इतिहास के सबसे सफल एथलीट अमेरिका के स्टार तैराक माइकल फेल्प्स ने 2016 में रियो डी जेनेरो में होने जा रहे ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने की संभावनाओं को खारिज कर दिया है।
फेल्प्स ने पिछले वर्ष लंदन ओलंपिक के बाद संन्यास ले लिया था। बकौल फेल्प्स, ‘मैं संन्यास ले चुका हूं और अब मेरी वापसी की कोई योजना नहीं है। सच कहूं तो मेरा कैरियर शानदार रहा और मैंने वह सब कुछ किया जो मैं करना चाहता था।’
‘बाल्टीमोर बुलेट’ के नाम से मशहूर फेल्प्स ने अपने ओलंपिक कैरियर में कुल 22 ओलंपिक पदक जीते, जिनमें 18 स्वर्ण शामिल हैं।