फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

शमी का संन्यास: 2.48 मिनट के वीडियो में लाला के 13 साल का सफर, डेब्यू की तारीख पर ही विदाई; बंगाल का भी जिक्र

स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Sat, 07 Nov 2026 03:26 AM IST

सार

भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 13 साल के कॅरिअर के बाद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। वह सफेद गेंद के प्रारूपों में खेलना जारी रखेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
मोहम्मद शमी का संन्यास - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स-एआई

शमी ने टेस्ट क्रिकेट में अंतरराष्ट्रीय सफर का अंत 64 मैचों में 229 विकेट के साथ किया। वह कपिल देव (434), जहीर खान, इशांत शर्मा (दोनों 311), जवागल श्रीनाथ (236) और जसप्रीत बुमराह (234) के बाद देश के छठे सबसे सफल तेज गेंदबाज हैं। 2025 में आयोजित चैंपियंस ट्रॉफी के बाद से ही शमी भारतीय टीम से बाहर हैं।


2.48 मिनट के वीडियो में लाला के 13 साल का सफर, डेब्यू की तारीख पर ही विदाई
  • तीन घंटे के भीतर पांच लाख से अधिक लोगों ने सोशल मीडिया पर शमी के वीडियो को लाइक किए।
  • इंस्टाग्राम पर 17 हजार से अधिक कमेंट्स
  • शमी के वीडियो को 54 हजार+ इंस्टा यूजर्स ने शेयर किया
  • एक्स हैंडल पर 10 हजार से अधिक लाइक्स।
  • यूजर्स के कमेंट में शमी के संन्यास के पीछे सियासत की आशंका भी व्यक्त की। 

उत्तर प्रदेश से खास नाता

फिलहाल, शमी उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में सहसपुर अलीनगर गांव में अपने फार्महाउस पर रह रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने जब वीडियो जारी किया तो इसमें उन्होंने एक दशक से अधिक लंबे करियर, कड़ी मेहनत और उतार-चढ़ाव से भरे दौर को भी याद किया। उन्होंने वीडियो के साथ अपने संदेश में लिखा, टेस्ट क्रिकेट उनके लिए सिर्फ एक प्रारूप नहीं, बल्कि जीवन का बहुत खास हिस्सा है। सफेद जर्सी छोड़ रहे हैं, लेकिन इससे जुड़ी यादें कभी नहीं छोड़ेंगे। हर विकेट, हर संघर्ष, हर चोट और हर वापसी ने उन्हें कुछ सिखाया।

शमी का टेस्ट कॅरिअर कैसा रहा?

मोहम्मद शमी ने छह नवंबर 2013 को पदार्पण किया था। भारत का 279वां टेस्ट कैप हासिल करने वाले शमी ने कहा कि टेस्ट फॉर्मेट ने ही उन्हें मोहम्मद शमी बनाया। उन्होंने 6 नवंबर, 2013 को वेस्टइंडीज के खिलाफ ईडन गार्डन्स में डेब्यू करने वाले शमी नई और पुरानी दोनों गेंदों से सीम और स्विंग पैदा करने की क्षमता के कारण बेहद घातक साबित हुए। 

उनके यादगार प्रदर्शन कौन से रहे?

शमी के कुछ सबसे यादगार प्रदर्शन दक्षिण अफ्रीका में देखने को मिले। भारत के 2018 के दौरे के दौरान जोहान्सबर्ग टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 5/28 के आंकड़े दर्ज किए। इससे टीम इंडिया को जीत हासिल करने में मदद मिली थी। अफ्रीकी देश के अगले दौरे पर, उन्होंने सेंचुरियन में शुरुआती टेस्ट में आठ विकेट झटके। शमी ने करियर का आखिरी टेस्ट मैच 2023 में खेला। विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप का फाइनल मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला गया था। बतौर तेज गेंदबाज फिटनेस चुनौती बनी रही। चोटों के कारण उनका करिअर बाधित होता रहा।

आगे क्या करेंगे मोहम्मद शमी?

शमी ने स्पष्ट किया कि उनका संन्यास उनके खेल कॅरिअर का अंत नहीं है। उन्होंने कहा कि वह घरेलू प्रतियोगिताओं या आईपीएल जैसे सफेद गेंद क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। यदि वह फिट रहते हैं, तो कभी-कभी चार दिवसीय मैच भी खेल सकते हैं। शमी को 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए बंगाल की टीम में चुना गया है। उन्होंने इस मौजूदा सीजन में बंगाल के लिए तीन रणजी ट्रॉफी मैचों में 14 विकेट लिए। उन्होंने वीडियो के अंत में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) को धन्यवाद दिया।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next