देश का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधत्व करने वाले अरुणाचल प्रदेश के खिलाडि़यों के साथ चीन की नापाक हरकत जारी है। निंगबो (चीन) में 24 अक्तूबर से होने जा रही विश्व वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में शामिल अरुणाचल प्रदेश के लिफ्टर चारू पेसी को चीन की ओर से नत्थी वीजा देने की बात कही गई। वीजा फेसिलिटेशन सर्विसेज (वीएफएस) ने भारतीय वेटलिफ्टिंग महासंघ से चारू को नत्थी वीजा जारी किए जाने पर अंडरटेकिंग मांगी कि उन्हें यह वीजा स्वीकार होगा।
वेटलिफ्टिंग महासंघ ने चारू का नत्थी वीजा स्वीकार करने से इन्कार करते हुए अंडरटेकिंग देने से इन्कार कर दिया। महासंघ का कहना है कि चीन की ओर से अरुणाचल प्रदेश निवासियों को दिया जाने वाला नत्थी वीजा भारत सरकार स्वीकार नहीं करती है। ऐसे में महासंघ ने चारू को विश्व चैंपियनशिप में नहीं भेजने का फैसला लिया।