जनवरी: खेलों से भरी साल की धमाकेदार शुरुआत
2026 की शुरुआत ही खेलों के रोमांच से होगी। जनवरी में महिला प्रीमियर लीग, इंडिया ओपन बैडमिंटन सुपर 750 (नई दिल्ली), मुंबई मैराथन और हॉकी इंडिया लीग जैसे बड़े आयोजन होंगे। हॉकी इंडिया लीग चेन्नई, रांची और भुवनेश्वर में खेली जाएगी, जबकि टेनिस प्रेमियों के लिए बेंगलुरु ओपन एटीपी 125 भी आकर्षण रहेगा।
फरवरी: सबसे व्यस्त और निर्णायक महीना
फरवरी 2026 भारतीय खेल कैलेंडर का सबसे व्यस्त महीना माना जा रहा है। इसी महीने भारत और श्रीलंका आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप की मेजबानी करेगा। फाइनल भारत में ही होना है, ऐसे में कार्यक्रम बेहद व्यस्त करने वाला होगा और रिकॉर्ड्स की भरमार लग सकती है। इसके साथ ही बेंगलुरु में डेविस कप क्वालिफायर्स, चेन्नई में डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर (टेबल टेनिस) और शूटिंग के एशियन राइफल/पिस्टल चैंपियनशिप का आयोजन नई दिल्ली में होगा। यहीं नहीं, शूटिंग लीग ऑफ इंडिया का पहला संस्करण भी इसी महीने शुरू होगा। हॉकी प्रशंसकों के लिए एफआईएच प्रो लीग के मुकाबले भी भारत में खेले जाएंगे।
मार्च से मई: आईपीएल और घरेलू खेलों की चमक
मार्च से मई तक क्रिकेट का त्योहार कहे जाने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टूर्नामेंट का रोमांच चरम पर रहेगा। इसी दौरान स्क्वैश का जेएसडब्ल्यू इंडियन ओपन और गोल्फ का मेंस इंडियन ओपन (नई दिल्ली) भी खेला जाएगा। यह समय घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खेलों के संतुलन का बेहतरीन उदाहरण बनेगा।
अप्रैल: वेटलिफ्टिंग में एशियाई ताकत का संग्राम
अप्रैल में अहमदाबाद एशियन वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 की मेजबानी करेगा। यह 1982 के बाद पहली बार होगा जब भारत इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। एशिया के दिग्गज वेटलिफ्टर यहां अपनी ताकत दिखाएंगे। मीराबाई चानू भी एक्शन में दिख सकती हैं।
अगस्त: बैडमिंटन और एथलेटिक्स का बड़ा मंच
अगस्त में नई दिल्ली बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा, जो बैडमिंटन का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत टूर्नामेंट है। इसी महीने भुवनेश्वर में भारत की पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर सिल्वर-लेवल मीट होगी, जो 2025 की ब्रॉन्ज मीट से बड़ा अपग्रेड है।
अक्तूबर से दिसंबर: साल का मजबूत समापन
अक्तूबर में नेशनल ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप (नई दिल्ली), विमेंस इंडियन ओपन गोल्फ (गुरुग्राम) और इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज बैडमिंटन टूर्नामेंट होंगे। नवंबर और दिसंबर में लखनऊ, गुवाहाटी और कटक में इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट्स के साथ साल का शानदार समापन होगा।