कार्लसन फिर हुए गुस्से में बेकाबू!
यह घटना टूर्नामेंट के नौवें राउंड के बाद हुई, जहां अर्जुन एरिगैसी ने डिफेंडिंग ब्लिट्ज चैंपियन कार्लसन को हराकर बड़ा उलटफेर किया। इस राउंड से पहले अर्जुन और कार्लसन समेत छह खिलाड़ी 6.5 अंक के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर थे। इस जीत के बाद अर्जुन 7.5 अंक के साथ उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के साथ संयुक्त रूप से लीड में पहुंच गए।
अर्जुन की यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि उन्होंने काले मोहरों से खेलते हुए कार्लसन को मात दी। शतरंज में आमतौर पर सफेद मोहरों को पहली चाल का फायदा मिलता है। कार्लसन ने हमेशा की तरह आक्रामक शुरुआत की, लेकिन अर्जुन ने बेहद संयमित खेल दिखाया और धीरे-धीरे मुकाबले पर पकड़ बना ली।
कैमरे को दिया था धक्का
यह पहली बार नहीं है जब इस टूर्नामेंट में कार्लसन ने अपना गुस्सा जाहिर किया हो। इससे पहले रैपिड सेक्शन में रूसी ग्रैंडमास्टर व्लादिस्लाव आर्टेमिएव से हार के बाद उन्होंने गुस्से में हाथ मिलाया, अपना ब्लेजर उठाया और तेजी से वहां से चले गए। बाहर जाते समय उन्होंने पास आई एक कैमरा को भी धक्का दे दिया था।