लॉस एंजिलिस में साल 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए एथलेटिक्स की क्वालिफिकेशन प्रक्रिया का ऐलान कर दिया गया है। वर्ल्ड एथलेटिक्स ने एथलेटिक्स स्पर्धाओं में खिलाड़ियों की एंट्री के लिए दोहरी क्वालिफिकेशन प्रणाली को मंजूरी दी है। इसके तहत ओलंपिक में उपलब्ध कुल कोटा स्थानों में से 40 प्रतिशत जगहें एंट्री स्टैंडर्ड हासिल करने वाले एथलीटों को मिलेंगी, जबकि शेष 60 प्रतिशत स्थान वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर आवंटित किए जाएंगे। वर्ल्ड एथलेटिक्स काउंसिल की ओर से मंजूर इस व्यवस्था में क्वालिफिकेशन के मानकों, समय-सीमा और अलग-अलग स्पर्धाओं के कोटा स्थानों का विवरण जारी किया गया है। ओलंपिक 2028 में एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं 15 से 30 जुलाई 2028 तक आयोजित होंगी।
एथलेटिक्स में होंगे 48 इवेंट्स, मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले की होगी शुरुआत
लॉस एंजिलिस ओलंपिक के एथलेटिक्स कार्यक्रम में कुल 48 स्पर्धाएं शामिल होंगी। इनमें पुरुषों के 23, महिलाओं के 23 और दो मिक्स्ड इवेंट्स होंगे। इस बार ओलंपिक में मिक्स्ड 4x100 मीटर रिले को भी शामिल किया जाएगा। यह स्पर्धा पहले से मौजूद मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले के साथ एथलेटिक्स कार्यक्रम का हिस्सा बनेगी।
एंट्री स्टैंडर्ड हासिल करना ही ओलंपिक टिकट की गारंटी नहीं
वर्ल्ड एथलेटिक्स ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित एंट्री स्टैंडर्ड हासिल कर लेने भर से किसी एथलीट का ओलंपिक में स्थान पक्का नहीं होगा। यदि किसी स्पर्धा में तय मानक पूरा करने वाले खिलाड़ियों की संख्या उपलब्ध कोटा स्थानों से अधिक होती है, तो क्वालिफिकेशन अवधि के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले एथलीटों को ही प्राथमिकता मिलेगी। ऐसी स्थिति में वर्ल्ड रैंकिंग के आधार पर अतिरिक्त खिलाड़ियों को उस स्पर्धा में जगह नहीं दी जाएगी। यानी खिलाड़ियों को ओलंपिक में जगह बनाने के लिए निर्धारित मानक के साथ-साथ अन्य दावेदारों के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन भी करना होगा।
अलग-अलग स्पर्धाओं के लिए तय की गई क्वालिफिकेशन अवधि
- वर्ल्ड एथलेटिक्स ने अलग-अलग स्पर्धाओं के लिए क्वालिफिकेशन विंडो निर्धारित की है। इसका विवरण इस प्रकार है:
- मैराथन: 1 नवंबर 2026 से 30 अप्रैल 2028 तक।
- 10,000 मीटर, कंबाइंड इवेंट्स, रेस वॉक और रिले: 19 दिसंबर 2026 से 18 जून 2028 तक।
- अन्य सभी ट्रैक और फील्ड इवेंट्स: 19 जून 2027 से 18 जून 2028 तक।
100 और 200 मीटर के लिए कड़े क्वालिफाइंग मानक
वर्ल्ड एथलेटिक्स ने ट्रैक स्पर्धाओं के लिए भी एंट्री स्टैंडर्ड जारी कर दिए हैं। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ में ओलंपिक क्वालिफिकेशन के लिए 9.93 सेकंड का समय निर्धारित किया गया है, जबकि महिलाओं की 100 मीटर दौड़ के लिए 10.96 सेकंड का मानक रखा गया है। इसी तरह पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के लिए 19.95 सेकंड और महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के लिए 22.25 सेकंड का समय तय किया गया है। मैराथन में पुरुष एथलीटों को 2 घंटे 5 मिनट और महिलाओं को 2 घंटे 22 मिनट 20 सेकंड का समय हासिल करना होगा।
मैराथन और रेस वॉक में इन प्रतियोगिताओं से भी मिलेगा टिकट
मैराथन स्पर्धा के लिए 19 मार्च 2028 तक की क्वालिफिकेशन सूची में शीर्ष 56 स्थान हासिल करने वाले एथलीटों को ओलंपिक के लिए क्वालीफाई माना जाएगा। इसके अलावा 9 अप्रैल 2028 को चीन में आयोजित होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स रेस वॉकिंग टीम चैंपियनशिप में हाफ मैराथन और रेस वॉकिंग स्पर्धाओं में शीर्ष 12 स्थान हासिल करने वाले एथलीटों को भी सीधे ओलंपिक क्वालिफिकेशन मिलेगा।
रिले टीमों को क्वालीफाई करने के मिलेंगे दो मौके
रिले स्पर्धाओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। 22 और 23 अप्रैल 2028 को बहामास में होने वाली वर्ल्ड एथलेटिक्स रिले प्रतियोगिता के जरिए शीर्ष 14 राष्ट्रीय ओलंपिक समितियां (एनओसी) लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए अपना स्थान पक्का करेंगी। इस प्रतियोगिता में टीमों को क्वालीफाई करने के दो मौके दिए जाएंगे। यदि कोई टीम पहले दिन सफल नहीं हो पाती है, तो उसके पास दूसरे दिन भी ओलंपिक टिकट हासिल करने का अवसर रहेगा।