फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हॉन्गकॉन्ग ओपन: सेमीफाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग, श्रीकांत का सफर खत्म

Fri, 20 Nov 2026 09:45 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

हॉन्गकॉन्ग ओपन 2026 में लक्ष्य सेन और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। लक्ष्य ने सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को 21-17, 10-21, 21-13 से हराया, जबकि सात्विक-चिराग ने चीन की जोड़ी को 21-12, 13-21, 21-16 से शिकस्त दी। दूसरी ओर, किदांबी श्रीकांत और रक्षिता रामराज को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।

विज्ञापन
लक्ष्य सेन - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हॉन्गकॉन्ग ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। स्टार शटलर लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू को हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। वहीं, सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी पुरुष युगल के अंतिम चार में पहुंच गई है। हालांकि, किदांबी श्रीकांत और महिला एकल खिलाड़ी रक्षिता रामराज को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


लक्ष्य सेन ने पूर्व विश्व चैंपियन को दी मात
अल्मोड़ा के 25 वर्षीय लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में आठवीं वरीयता प्राप्त सिंगापुर के लोह कीन यू को 21-17, 10-21, 21-13 से शिकस्त दी। तीन गेम तक चले मुकाबले में लक्ष्य ने दूसरे गेम में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और निर्णायक गेम जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया। लक्ष्य का इस सीजन में शानदार प्रदर्शन जारी है। वह हाइलो ओपन और कुमामोटो मास्टर्स जापान का खिताब जीत चुके हैं। इसके साथ ही उन्होंने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है। सेमीफाइनल में लक्ष्य का सामना डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन और चीन के तीसरी वरीयता प्राप्त झू शुआन चेन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
Trending Videos
विज्ञापन

सात्विक-चिराग - फोटो : PTI
सात्विक-चिराग की जोड़ी भी सेमीफाइनल में
पुरुष युगल में भारत की पांचवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम चार में जगह बनाई। भारतीय जोड़ी ने चीन के हू के युआन और लिन शियांग यी को 21-12, 13-21, 21-16 से हराया। 59 मिनट तक चले मुकाबले में सात्विक-चिराग ने पहला गेम आसानी से जीता, लेकिन दूसरे गेम में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारतीय जोड़ी ने तीसरे गेम में वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस सीजन में सिंगापुर और चाइना ओपन जैसे दो सुपर 750 खिताब जीत चुकी भारतीय जोड़ी अब फाइनल में जगह बनाने के लिए डेनमार्क के डेनियल लुंडगार्ड-माड्स वेस्टरगार्ड और मलेशिया की आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी मैन वेई चोंग-टी काई वुन के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेगी।

श्रीकांत और रक्षिता का सफर समाप्त
भारत के अनुभवी खिलाड़ी किदांबी श्रीकांत को पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। उन्हें थाईलैंड के दुनिया के तीसरे नंबर के खिलाड़ी कुनलावुत वितिदसार्न ने सीधे गेमों में 21-17, 21-7 से हराया। वहीं, महिला एकल में रक्षिता रामराज का शानदार अभियान भी क्वार्टर फाइनल में समाप्त हो गया। उन्हें थाईलैंड की पांचवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग ने 21-19, 21-16 से मात दी। हालांकि, रक्षिता के लिए यह टूर्नामेंट काफी यादगार रहा। उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की दूसरी वरीयता प्राप्त चेन यू फेई को 21-18, 24-22 से हराकर बड़ा उलटफेर किया था। इससे पहले उन्होंने डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट को भी शिकस्त दी थी।

रक्षिता बोलीं- इस टूर्नामेंट से काफी कुछ सीखा
हार के बाद रक्षिता ने कहा कि उनके पैरों में हल्की परेशानी थी, लेकिन उन्होंने अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की। उन्होंने माना कि पोर्नपावी का शॉट चयन और अनुभव बेहतर रहा। रक्षिता ने कहा, 'यह मेरे लिए बहुत अच्छा टूर्नामेंट रहा। मैंने यहां से काफी कुछ सीखा है। मैं इन सीखों को आगामी टूर्नामेंटों में अपने साथ लेकर जाऊंगी और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करूंगी।' उन्होंने बताया कि अब वह लखनऊ में होने वाले सैयद मोदी इंटरनेशनल टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। रक्षिता ने भारत में खेलने को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि हॉन्गकॉन्ग में उनका सप्ताह अच्छा रहा है और वह इसी आत्मविश्वास के साथ अगले टूर्नामेंट में उतरेंगी। भारतीय चुनौती की बात करें तो हॉन्गकॉन्ग ओपन के सेमीफाइनल में अब सभी की निगाहें लक्ष्य सेन और सात्विक-चिराग की जोड़ी पर रहेंगी। दोनों से फाइनल में जगह बनाने की उम्मीद होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें