पदार्पण कर रहे केन्या के अमोस किपरुतो और इथियोपिया की येलेमजर्फ येहुऑला ने रविवार को यहां लंदन मैराथन में क्रमश: पुरुष और महिला रेस जीत ली। किपरुतो ने दो घंटे चार मिनट और 39 सेकंड तथा येहुआलॉ ने दो घंटे 17 मिनट और 25 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया।
तीस साल के किपरुतो ने इथियोपिया के लेयूल जेब्रेसिलासे को पछाड़कर पहला स्थान हासिल किया जबकि बेल्जियम के बाशिर अब्दी तीसरे स्थान पर रहे। महिलाओं की रेस में जब छह मील की दूरी बची थी तो एक ‘स्पीड बंप’ पर येहुऑला लड़खड़ाई, पर गिरने से बच गईं। इस 23 साल की एथलीट ने प्रतियोगिता का तीसरा सबसे तेज समय निकाला।
गत चैंपियन केन्या की जॉयसिलिन जेपकोसगेई दूसरे स्थान पर रहीं। लंदन मैराथन तीसरी और अंतिम बार अक्तूबर में कराई जा रही है क्योंकि कोविड-19 के कारण इसे अप्रैल से हटा दिया गया था। अगले साल यह अप्रैल में ही कराई जाएगी।