कबड्डी प्रतियोगिता के खिलाड़ियों के साथ शिक्षक और अन्य लोग।
- फोटो : अमर उजाला
Sports News Today: अंतर महाविद्यालयीय कबड्डी बरियासनपुर स्थित महादेव पीजी कॉलेज परिसर में खेली गई। इसमें महादेव पीजी कॉलेज के कबड्डी टीम की कैप्टन राष्ट्रीय खिलाड़ी नेहा भारद्वाज ने फाइनल में अकेले छह अंक स्कोर कर टीम को पांच अंक के अंतर से खिताब दिलाने में कामयाब हुई।
बसंत कन्या पीजी कॉलेज कमच्छा वाराणसी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में दो पूल में पांच टीमों में मुकाबला खेला गया। उद्घाटन मैच बसंत महिला पीजी काॅलेज की टीम और सिंहपुर एलिस क्लब के बीच खेला गया। इसमें सिंहपुर की टीम पांच अंकों से विजेता रही। दूसरा मैच युवक मंगल दल गौरा कला और बसंत महिला पीजी कॉलेज की बी टीम के बीच खेला गया। इसमें युवक मंगल दल गौरा कला की टीम ने बाजी मारी।
फाइनल महादेव पीजी कॉलेज और सिंहपुर एलिस क्लब के बीच हुआ। इसमें महादेव पीजी कॉलेज की टीम ने 11 अंक स्कोर किया जबकि सिंहपुर कि टीम 6 अंक ही स्कोर कर पाई। इस प्रकार महादेव पीजी कॉलेज ने पांच अंकों से जीत हासिल करने में कामयाब रही।
प्रतियोगिता का शुभारंभ महादेव पीजी काॅलेज के प्रबंधक अजय सिंह और बसंत कन्या पीजी कॉलेज की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सिमरन सेठ ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर कराया। प्रतिभागियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उक्त अवसर पर महादेव पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दया शंकर सिंह, पूर्व ग्राम प्रधान देवराज पटेल, खेलसचिव डाॅ. भीमशंकर मिश्रा, रेफरी राम अवध, बिहारी पाल, अवनीश सिंह रहे। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. लोकनाथ पांडेय और डाॅ. गौरव मिश्रा ने किया।
प्रतियोगिता में इन टीमों ने किया प्रतिभाग
अंतर महाविद्यालयीय प्रतियोगिता में महादेव पीजी कॉलेज बरियासनपुर, बसंत महिला पीजी कॉलेज की ए और टीम बी, महिला मंगल दल सिंहपुर, एलिस क्लब सहित पांच टीमों के करीब 80 से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
कैरम नॉकआउट दौर में काशी के दो खिलाड़ी
29वीं उत्तर प्रदेश राज्य कैरम चैंपियनशिप प्रतियोगिता प्रयागराज में खेली जा रही है। प्रतियोगिता के दूसरे दिन काशी के दो खिलाड़ियों शिव दयाल यादव और गौरव गुप्ता ने अपने अपने मुकाबले जीत नॉकआउट दौर में प्रवेश कर लिया। साथ ही कैरम के नंबर वन रैंकिंग वाले खिलाड़ी आरिफ सहित कुल 56 पुरुष खिलाड़ियों ने नाॅकआउट दौर में प्रवेश कर लिया है।
किक बॉक्सिंग पदक विजेता पूजा पटेल सम्मानित
थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाली पूजा पटेल बृहस्पतिवार को सम्मानित हुईं। उनके सम्मान में हरहुआ के राजेश्वरी बालिका इंटर कॉलेज समारोह का आयोजन हुआ। इसमें उन्हें स्मृति चिह्न, अंगवस्त्र और पांच हजार रुपये नकद धनराशि भेंट की गई। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक कौशलेंद्र नारायण सिंह, डॉ. एसडी सिंह मौजूद रहे।
अमन यादव का हुआ चयन
सारनाथ स्थित बॉक्सिंग एकेडमी के खिलाड़ी अमन यादव का चयन भारतीय आवासीय योजना में प्रवेश के लिए हुआ है। एकेडमी के कोच दिलीप कुमार सिंह ने बताया कि दिलीप शुरू से ही बहुत मेहनती था और इसकी मेहनत का फल मिला। अमन यादव नेशनल मेडलिस्ट भी है। अमन यादव की उपलब्धि से एकेडमी के खिलाड़ियों में खुशी का माहौल है।
एसएस पब्लिक स्कूल में फुटबाॅलर नोजुमु का स्वागत
एसएस पब्लिक स्कूल में फुटबाॅलर नोजुमु हागिहारा का का स्वागत संस्था के निदेशक प्रखर सिंह ने किया। वे कोलकाता से दिल्ली तक लगातार फुटबॉल खेलते हुए पैदल चलकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं। मशहूर फुटबाॅलर नोजुमु हागिहारा ने छात्र-छात्राओं से बात कर उनके सवालों के जवाब दिए और उन्हें भविष्य की चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार रहने की भी बात कही। प्रधानाचार्या संध्या सिंह ने उनका स्वागत किया।
फुटबाॅलर नोजुम हागिहारा।
- फोटो : अमर उजाला
एसडीसीए ने जीता मुकाबला
हरिशंकर सिंह स्टेडियम अशर्फी नगर में खेली जा रही स्व. चंद्रभान त्रिपाठी स्मृति अंडर-14 किक्रेट में आज का मैच आदर्श क्रिकेट क्लब बनाम एसडीसीए के बीच खेल गया। एसडीसीए कि टीम ने टॉस जीत कर गेंदबाजी का फैसला लिया।
बल्लेबाजी करने उतरी आदर्श क्रिकेट क्लब की टीम ने 29.2 ओवर में सभी विकेट खोकर 93 रन स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसडीसीए के अतुल सिंह रिटायर्ड हर्ट 42 रन और सक्षम सिंह ने नाबाद 17 रन की पारी खेलकर टीम को 9.3 ओवर में मैच जीता दिया।
प्रांजना सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
निशानेबाजी में प्रांजना को तीन स्वर्ण
प्रादेशिक निशानेबाजी प्रतियोगिता में वाराणसी की प्रांजना सिंह ने तीन पदक जीते हैं। यह प्रतियोगिता 12 से 15 अप्रैल तक जौनपुर में खेली गई। प्री स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में प्रांजना ने 10 मीटर पिस्टल की सब जूनियर, जूनियर और सीनियर महिला वर्ग की स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
खेल में चोट से बचाव और प्रबंधन पर कार्यशाला
विश्वविद्यालय क्रीड़ा परिषद बीएचयू की ओर से 22 से 24 अप्रैल तक खेल में चोट रोकथाम और पुनर्वास पर शारीरिक शिक्षा विभाग के सेमिनार हॉल में कार्यशाला होगी। इसमें एथलीटों, प्रशिक्षकों और खेल प्रेमियों को खेल चोट से रोकथाम और प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। कार्यशाला शाम तीन से छह बजे तक चलेगी।
परिषद के महासचिव प्रो. बीसी कापरी ने बताया कि इस दौरान विभिन्न खेलों का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन सचिव डॉ. कविता वर्मा ने बताया कि कई बार खिलाड़ी को चोट का पता ही नहीं चलता और यह धीरे धीरे समस्या बन जाती है।
चोट का पता समय पर चल जाए तो इससे उबरने में फिजियोथिरेपी कारगर है। कार्यशाला में शामिल अनुभवी कोच अलग-अलग सत्रों में खिलाड़ियों को चोट से बचाव और निरोध की जानकारी देंगे। कार्यशाला में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के प्रो राजेश कुमार मीणा और डॉ. कविता मीणा कार्यशाला के सत्रों को संबोधित करेंगे।
काशी विद्यापीठ की ड्राॅप रोबाॅल टीम के खिलाड़ी शिक्षकों के साथ।
- फोटो : अमर उजाला
विद्यापीठ की टीम ने जीती ड्रॉप रोबॉल ट्रॉफी
अखिल भारतीय ड्रॉप रोबॉल ट्रॉफी महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की महिला टीम ने जीत ली है। यह सफलता विद्यापीठ की टीम ने मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के एलएनसीटी विश्वविद्यालय में आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता में हासिल की है। विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है।
यह प्रतियोगिता 6 से 9 अप्रैल तक भोपाल में आयोजित थी। इसमें मविद्यापीठ की ड्राॅप रोबाॅल महिला टीम की टीम इवेंट (डबल इवेंट) में श्रेया वर्मा, अंजना पाल, अनुराधा मौर्या ने स्वर्ण पदक एवं ट्रिपल इवेंट में फुलगेना देवी, संध्या पटेल, राधिका, पलक कुमारी पटेल, साची पटेल ने स्वर्ण पदक जीता। टीम ने ओवरआल चैंपियनशिप में प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम के कोच सजीवन पटेल और टीम मैनेजर डॉ. अमरेंद्र कुमार सिंह रहे।
प्रादेशिक फुटबाॅल में वाराणसी ने बरेली को हराया
प्रादेशिक फुटबॉल प्रतियोगिता कानपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय संस्था धर्म विद्या इंटर कॉलेज के मैदान पर खेली गई। चैंपियनशिप के तीसरे दिन का मैच वाराणसी और बरेली मंडल के बीच खेला गया। इसमें वाराणसी मंडल ने दो गोल के अंतर से जीत हासिल कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
पहला गोल खेल के 12वें मिनट में वाराणसी के विजय बहादुर पटेल ने किया और टीम को एक गोल की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ के खेल के 50वें मिनट में निखिल कुमार ने गोल कर वाराणसी को 2-0 की बढ़त दिलाई। यह जानकारी प्रशिक्षक विनोद कन्नौजिया ने दी है।
तनु के तीन गोल की मदद से विकास क्लब की लगातार दूसरी जीत
बाबू आरएन सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स परमानंदपुर में बृहस्पतिवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर सब जूनियर बालिका हॉकी के मैच में तनु यादव और सोनल की जुगलबंदी से विकास क्लब ने रेनबो क्लब को लीग मैच में पांच गोल के अंतर से हराकर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया। इसमें तनु यादव ने तीन गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
खेल के 11वें मिनट में रेनबो क्लब की आंचल ने गोल कर विकास क्लब पर एक गोल की बढ़त हासिल की। एक गोल से पिछड़ने के बाद विकास क्लब की टीम आक्रामक खेल दिखाया और खेल के 15वें मिनट में विकास क्लब की फारवर्ड खिलाड़ी तनु यादव ने राइट आर्म से स्कूप बनाते हुए गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। हाफ टाइम होने से एक मिनट पहले तनु यादव ने सृष्टि के माइनस पास पर व्यक्तिगत दूसरा गोल किया और टीम का स्कोर 2-1 कर दिया।
दूसरे हाफ में विकास क्लब की जाह्नवी मौर्या ने बेहतरीन गोल कर स्कोर 3-1 कर दिया। खेल के 25वें मिनट में सोनल सिंह ने पेनल्टी काॅर्नर को गोल में बदल कर स्कोर 4-1 कर दिया। तीन मिनट बाद तनु यादव ने एकल प्रयास से गोल कर स्कोर 5-1 कर दिया। लंबी सीटी बजने से कुछ सेकंड पहले सोनल सिंह ने गोल कर स्कोर 6-1 कर दिया। सृष्टि पटेल, निकिता, चांदनी और राधिका का खेल सराहनीय रहा।
विजेता इंजीनियरिंग विभाग की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सेमीफाइनल में पहुंची प्रशासन विभाग की टीम
पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल की ओर से बृहस्पतिवार को लहरतारा के मिनी स्टेडियम में अंतर विभागीय ग्रीष्मकालीन टी-20 क्रिकेट का तीसरा क्वार्टर फाइनल प्रशासन बनाम विद्युत टीआरडी टीम के बीच खेला गया। वहीं चौथा क्वार्टर फाइनल आरपीएफ बनाम इंजीनियरिंग विभाग के बीच खेला गया। इसमें प्रशासन और इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए विद्युत टीआरडी की पूरी टीम 15.4 ओवर में 161 रन पर ऑलआउट हो गई। टीआरडी की लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन की टीम ने 19.1 ओवर में 7 विकेट पर हासिल कर लिया। प्रशासन के असलम परवेज को मैन ऑफ द मैच बने।
दूसरे मैट में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आरपीएफ की टीम 19.3 ओवर में 111 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने 18.5 ओवर में 8 विकेट पर 113 रन बनाकर दो विकेट से मैच जीत लिया।