फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Neeraj Chopra: जिस जगह ली थी ट्रेनिंग, अब उसी स्टेडियम में जलवा बिखेरेंगे नीरज चोपड़ा; 24 मई को होगा मुकाबला

Fri, 04 Apr 2025 10:30 PM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

इस प्रतियोगिता का नाम नीरज चोपड़ा क्लासिक रखा गया है क्योंकि यह भारतीय स्टार इसके आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहा। खेल की संचालन संस्था विश्व एथलेटिक्स ने इस प्रतिस्पर्धा को श्रेणी ए का दर्जा दिया।
विज्ञापन
नीरज चोपड़ा - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा उसी स्थान पर अपना जलवा बिखेरने के लिए तैयार हैं, जहां कभी वह ट्रेनिंग किया करते थे। नीरज वैश्विक भाला फेंक स्पर्धा में हिस्सा लेंगे जो 24 मई को हरियाणा के पंचकुला में आयोजित होगी। पानीपत के करीब खांद्रा गांव के रहने वाले 27 वर्षीय नीरज ने 2012 से 2015 तक पंचकुला के ताऊ देवी लाल स्टेडियम में ही ट्रेनिंग ली थी और अब वह इसी स्थान पर खेलते नजर आएंगे। 
विज्ञापन

नीरज के नाम पर रखी गई है प्रतियोगिता 
इस प्रतियोगिता का नाम नीरज चोपड़ा क्लासिक रखा गया है क्योंकि यह भारतीय स्टार इसके आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल रहा। खेल की संचालन संस्था विश्व एथलेटिक्स ने इस प्रतिस्पर्धा को श्रेणी ए का दर्जा दिया है जो ताऊ देवी लाल स्टेडियम में होगी। इस प्रतिस्पर्धा की आयोजन समिति में नीरज भी शामिल हैं। भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के अध्यक्ष बहादुर सिंह सागू ने कहा कि इस टूर्नामेंट से देश की एथलेटिक्स छवि में सुधार आएगा।

पंचकुला में नीरज ने जूनियर शिविर के दौरान समय बिताया
सागू ने कहा, यह टूर्नामेंट उसी स्थान पर हो रहा है जहां नीरज ने अपने जूनियर शिविर का अधिकांश समय बिताया था। वह इस टूर्नामेंट को अपने गृह राज्य में करवाना चाहते होंगे। नीरज की भागीदारी के साथ देश में इस टूर्नामेंट की मेजबानी करना भारतीय एथलेटिक्स के लिए बहुत अच्छी बात है।
विज्ञापन

दोहा डायमंड लीग से शुरुआत कर सकते हैं नीरज
नीरज ने हाल में दिग्गज भाला फेंक खिलाड़ी जान जेलेजनी को अपना कोच बनाया है और उनके 16 मई को दोहा डायमंड लीग प्रतियोगिता में अपना सत्र शुरू करने की उम्मीद है। पंचकुला में होने वाला यह टूर्नामेंट इस सत्र में नीरज की दूसरी प्रतियोगिता होगी। नीरज ने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में रजत पदक जीता था। इससे पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था और वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय एथलीट बने थे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें