भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पांच दिसंबर को होने वाले चुनावों में उपाध्यक्ष पद की होड़ से हट गए भारतीय जूडो महासंघ के अध्यक्ष जगदीश टाइटलर ने कहा है कि इस चुनाव को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) समेत दुनिया के किसी खेल संगठन से मान्यता नहीं मिलेगी।
टाइटलर और नौ अन्य व्यक्ति आईओए के महासचिव रणधीर सिंह के अध्यक्ष पद से नामांकन वापिस लेने के बाद चुनावों से हटे हैं। रणधीर के हटने के बाद दूसरे दावेदार और भारतीय मुक्केबाजी संघ के चेयरमैन अभय सिंह चौटाला के अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया है।
बकौल टाइटलर, ‘आईओसी समेत विश्व खेल मंच पर इन चुनावों को कहीं मान्यता नहीं मिलेगी। चुनावों से किसी मसले का हल नहीं निकलेगा उलटे असमंजस की स्थिति जरूर पैदा हो जाएगी। चुनावों के बाद बनने वाली नई संस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोई पहचान नहीं मिलेगी।
यह बेहद चौंकाने वाला और हास्यास्पद मसला है कि कुछ लोग अपने अहम की संतुष्टि के लिए चुनाव लड़ रहे हैं और जो संस्था बनेगी वह अधिकार रहित और नाममात्र की संस्था होगी।