अगले वर्ष होने वाली विश्व जूनियर चैंपियनशिप से पहले भारत ने चीन के चेंगदू में 20-25 अगस्त तक होने वाली बैडमिंटन एशिया (अंडर-15/अंडर-17) जूनियर चैंपियनशिप के लिए 39 सदस्यीय टीम भेजी है। इसका उद्देश्य अगले साल होने वाली चैंपियनशिप से पहले खिलाड़ियों का एक मजबूत पूल तैयार करना है।
इनको मिली अहम जिम्मेदारी
बेंगलुरु में चयन ट्रायल के बाद चुनी गई भारतीय टीम का अंडर 17 वर्ग में नेतृत्व ज्ञान दत्तू और तन्वी रेड्डी एंडलुरी करेंगे जबकि अंडर 15 वर्ग में श्याम बिंदिगनविले और तन्वी पत्री शीर्ष एकल खिलाड़ी होंगे। चेंगदू में ही हुए बैडमिंटन एशिया जूनियर चैंपियनशिप के पिछले सत्र में भारत ने एक स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता था। बोर्निल चांगमेई अंडर-15 पुरुषों के वर्ग में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत चुके हैं।
बीएआई के सचिव संजय मिश्रा का बयान
भारतीय और विदेशी कोचों के मार्गदर्शन में गुवाहाटी के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में तैयारी शिविर के बाद भारतीय दल शनिवार को चेंगदू के लिए रवाना हुआ। टीम की संभावनाओं के बारे में बात करते हुए भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के सचिव संजय मिश्रा ने कहा - भारत बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप के लिए सबसे बड़ी टीम में से एक को मैदान में उतार रहा है और मुझे पूरा विश्वास है कि हम काफी पदक जीत सकते हैं।
शाइना लेंगी दो स्पर्धाओं में भाग
शाइना मणिमुथु दो स्पर्धाओं में भाग लेने वाली एकमात्र खिलाड़ी होंगी। वह अंडर-17 वर्ग में महिलाओं के एकल अलावा एक्या शेट्टी के साथ युगल स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगी। संजय मिश्रा ने कहा - खिलाड़ियों और कोच ने शिविर में बहुत मेहनत की है और हमारे खिलाड़ी अब प्रतियोगिता में अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।