ओलंपिक में दो बार के पदक विजेता भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग के जरिये प्रतिस्पर्धा में वापसी करेंगे। डायमंड लीग का दोहा चरण 19 जून को आयोजित होगा। टोक्यो ओलंपिक 2020 चैंपियन और पेरिस ओलंपिक 2024 के रजत पदक विजेता नीरज ने 2025 विश्व चैंपियनशिप में निराशाजनक आठवें स्थान पर रहने के बाद प्रतिस्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया है।
स्विटजरलैंड में अभ्यास शिविर में हिस्सा ले रहे हैं नीरज
दोहा डायमंड लीग में भालाफेंक की प्रविष्टियों में नीरज का नाम शामिल है। उन्होंने पिछले साल इसी टूर्नामेंट में 90 मीटर का आंकड़ा पार किया था। हरियाणा के 28 वर्ष के नीरज इस समय स्विटजरलैंड के बियेने में अपने फिजियो ईशान मारवाहा और कोच जय चौधरी के साथ 47 दिन के ऑफ सीजन अभ्यास शिविर में भाग ले रहे हैं। आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रविवार को घोषित भारतीय एथलेटिक्स टीम में भी नीरज का नाम सशर्त शामिल किया गया है। उन्हें इसके लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ का 82.61 मीटर का क्वालिफिकेशन मार्क हासिल करना होगा।
अरशद नदीम का नाम शामिल नहीं
अगर नीरज ग्लास्गो में अगले महीने होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेते हैं तो भारत के तीन भाला फेंक खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। रोहित यादव और यशवीर भारतीय एथलेटिक्स सीरिज 9 के जरिये क्वालिफाई कर चुके हैं। दोहा डायमंड लीग में मौजूदा विश्व चैंपियन त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वालकॉट और हाल ही में रोम डायमंड लीग में 92.62 मीटर का थ्रो फेंकने वाले श्रीलंका के रूमेश तरंगा पथिरागे भाग लेंगे। पेरिस ओलंपिक चैंपियन पाकिस्तान के अरशद नदीम का नाम सूची में नहीं है।
ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स (सत्र का सर्वश्रेष्ठ 86.08 मीटर) अमेरिका के कुर्टिस थॉम्पसन (85.33 मीटर), चेक गणराज्य के याकूब वालेश (85.24 मीटर) के नाम प्रतियोगियों की सूची में है। नीरज ने दोहा में 90.23 मीटर का थ्रो फेंका था, लेकिन जर्मनी के जूलियन वेबर ने छठे और आखिरी थ्रो में 91.06 मीटर फेंककर खिताब जीता था।