कप्तान सरदार सिंह ने सेंटर हाफ, धर्मवीर सिंह, दानिश मुज्तबा और एसके उथप्पा ने बतौर लिंकमैन दूसरे क्वार्टर में बेल्जियम के गोल पर दबाव बना कर उसमें सेंध लगाने के लिए साथी फॉरवर्ड आकाशदीप सिंह और एसवी सुनील के लिए गेंद बढ़ाई। गुरबाज ने भारत के किले की मुस्तैदी से हिफाजत करने के साथ आगे बढ़कर बराबर हमलों में धर्मवीर की बराबर मदद की।
इन दोनों ने दाएं छोर से बढ़िया क्रॉस फॉरवर्ड के लिए फेंके। गुरबाज और मैन ऑफ द’ मैच धर्मवीर की जोड़ी ने ऐसे तालमेल से खेली की भारत ने दो गोल से पिछड़ने के बाद लहरों की तरह हमले बोल कर दनादन चार गोल दागे। भारत ने बेल्जियम को यहां बृहस्पतिवार को कलिंग स्टेडियम में 4-2 से हराकर लगातार दूसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।
बेल्जियम ने तीसरे पेनल्टी कॉर्नर पर फेलिक्स डोनयर के गोल से पहले क्वॉर्टर के 12वें मिनट में खाता खोला। कप्तान जॉन डोमैन के बाएं से तेज क्रॉस को सेबेस्तियन डोकियर ने दूसरे क्वार्टर के छठे मिनट में गोल कर बेल्जियम की बढ़त 2-0 कर दी। दानिश मुज्तबा अगले ही क्षण गेंद लेकर डी में घुसे और उन्हें गलत ढंग से रोकने पर भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला।
इस पर रूपिंदर पाल सिंह ने बढ़िया फ्लिक से गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया। हाफ टाइम से तीन मिनट पहले वीआर रघुनाथ के स्लैप शॉट पर एसवी सुनील ने गेंद को संभाला और उथप्पा ने गोल कर भारत को दो-दो की बराबरी दिला दी। धर्मवीर ने दाएं से तेज क्रॉस जमाया और डी में सुनील के शॉट को गोलकीपर विसेंट वनाश ने रोका और लौटती गेंद को वहीं खड़े आकाशदीप ने संभाला और इत्मिनान से फ्लिक कर भारत को मैच के 41वें मिनट में 3-2 से आगे कर दिया।
बेल्जियम को मिले चौथे पेनल्टी कॉर्नर पर रूपिंदर ने गेंद को रोका और लंबा शॉट जमाया। कप्तान सरदार सिंह ने गेंद को कब्जे में लेकर तेज लंबा पुश किया। इस पर गेंद सुनील ने संभाली और डी में तेज लगाया। इसे गोलरक्षक वांश ने रोका और लेकिन रिबाउंड पर धर्मवीर ने तेज शॉट जमा गोल कर भारत की बढ़त 4-2 कर दी।
सेमीफाइनल में अब पाकिस्तान से होगी भिड़ंत
भारत ने बढ़त लेने के बाद मैच पर पकड़ के लिए खेल की रफ्तार धीमी कर दी, जिससे कि लड़के अति उत्साह में न आएं। जैसे ही आखिरी सीटी बजी तो साउंड सिस्टम पर चक दे इंडिया का गीत गूंज उठा। नौंवी वरीयता प्राप्त भारत ने चौथी वरीयता प्राप्त बेल्जियम पर जीत दर्ज कर उससे हेग विश्व कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर दिया।
भारत अब सेमीफाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से शनिवार को भिड़ेगा। मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया एक अन्य सेमीफाइनल में जर्मनी से भिड़ेगा। भारत के लिए रूपिंदर पाल सिंह, एसके उथप्पा , आकाशदीप सिंह और धर्मवीर सिंह ने एक एक गोल किया। बेल्जियम के लिए फेलिक्स डेनयर और सेबेस्तियन डोकियर ने एक गोल किया।
पाकिस्तान ने ओलंपिक चैंपियन नीदरलैंड को दी मात
पाकिस्तान ने बड़ा उलटफेर करते ओलंपिक और विश्व कप विजेता नीदरलैंड को 4-2 से और पिछले पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को इसी अंतर से क्वार्टर फाइनल में शिकस्त दी। यह भी एक संयोग रहा कि अपने-अपने सभी तीनों मैच हार कर पूल में आखिरी स्थान पर रहने वाली टीमों ने बृहस्पतिवार को अपने -अपने मैच जीत कर अंतिम चार में जगह बना ली।
दोनों पूल की विजेता इंग्लैंड और नीदरलैंड बाहर हो गई। अनुभवी बैक मॉरित्ज फुर्त्जे और यंग स्ट्राइकर क्रिस्टोफर रुइर के एक-एक गोल की बदौलत पिछले दो बार की चैंपियन तीसरी वरीयता प्राप्त जर्मनी ने चौथी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड को बृहस्पतिवार को 2-0 से हरा कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।