बीते वर्ष की तरह इस बार भी रेड बुल के चालक सेबेस्टियन वेटल भारत में आयोजित इंडियन ग्रां प्री फॉर्मूला वन रेस के चैंपियन बन गए हैं।
वेटल ने पोल पोजीशन से शुरुआत करते हुए लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी और इंडियन ग्रां प्री में अपना अपराजेय क्रम बरकरार रखते हुए जीत अपने नाम की और ड्राइवर्स चैंपियनशिप तालिका में अपने अंकों की संख्या 240 पहुंचा दी।
वेटल के नजदीकी प्रतिद्वंद्वी फरारी के स्पेनिश ड्राइवर फर्नांडो अलोंसो दूसरे और रेड बुल के ऑस्ट्रेलियाई ड्राइवर मार्क वेबर तीसरे स्थान पर रहे।
अलोंसो चैंपियनशिप तालिका में 227 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। ड्राइवर्स चैंपियनशिप के लिए मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है और अबु धाबी, अमेरिका और ब्राजील में होने वाली शेष तीन रेसों ही जाकर चैंपियन का फैसला हो पाएगा।
वेटल ने इस तरह फार्मूला वन चैंपियनशिप में खिताबी चौका लगा दिया। उन्होंने इससे पहले सिंगापुर. जापान और कोरिया में भी जीत हासिल की थी। वेटल की इस सत्र में यह पांचवीं जीत है।
वेटल ने इस तरह फार्मूला वन चैंपियनशिप में खिताबी चौका लगा दिया। उन्होंने इससे पहले सिंगापुर, जापान और कोरिया में भी जीत हासिल की थी। वेटल की इस सत्र में यह पांचवीं जीत है।
क्वालीफाईंग में 22वां स्थान हासिल करने वाले हिस्पानिया रेसिंग टीम के भारतीय चालक नारायण कार्तिकेयन ने इसी स्थान पर रेस समाप्त की। भारतीय उद्योगपति विजय माल्या की फोर्स इंडिया टीम के चालकों ने आठवां और 12वां स्थान पाया। निको हल्केनबर्ग को आठवां स्थान मिला जबकि पॉल डी रिएस्ता 12वें स्थान पर रहे।