फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

India Wins Gold Medal: एशियाई युवा खेलों में भारत ने कबड्डी में दो स्वर्ण जीते, पदक तालिका में 5वें स्थान पर

Fri, 24 Oct 2025 01:34 AM IST
ज्योति भास्कर स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला।

सार

एशियाई खेलों की कबड्डी में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। टीम इंडिया ने गर्ल्स और बॉयज दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल अपने नाम किए। इसी के साथ पदक तालिका में भारत पांचवें स्थान पर आ गया है। जानिए बहरीन में आयोजित इस स्पर्धा में अब तक किन खिलाड़ियों ने भारत का परचम लहराया है।
विज्ञापन
बहरीन में भारत के कबड्डी खिलाड़ियों ने जीता स्वर्ण पदक - फोटो : एक्स@IndiaInBahrain
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारत ने पश्चिम एशियाई देश बहरीन में आयोजित एशियाई युवा खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। बृहस्पतिवार को कबड्डी में दो स्वर्ण पदक जीतकर देश के युवा खिलाड़ियों ने इतिहास रच दिया। लड़कों और लड़कियों, दोनों टीमों ने स्वर्ण पदक हासिल कर भारत को तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंचा दिया। अब तक भारत 2 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य (कुल 10 पदक) जीत चुका है। बता दें कि इस प्रतियोगिता का समापन 31 अक्तूबर को होगा।
विज्ञापन


बेटियों के शानदार प्रदर्शन पर दूतावास ने दी बधाई
स्वर्ण पदक जीतने के बाद बहरीन के भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर दोनों टीमों के खिलाड़ियों की तस्वीर और वीडियो क्लिप साझा की। युवा टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर बधाई देते हुए उच्चायोग ने आधिकारिक एक्स हैंडल पर लिखा, 'गर्ल्स कबड्डी की शान... भारत की गर्ल्स कबड्डी टीम ने बहरीन में एशियन यूथ गेम्स (#AsianYouthGames) में ईरान को 75-21 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया ! भारतीय कौशल, जज्बा और स्वर्ण !'


बहरीन में मिला मेडल भारत के लिए धैर्य और गौरव के साथ स्वर्णिम लम्हा
लड़कों की कबड्डी टीम को मिली रोमांचक जीत पर लड़कों को बधाई देते हुए दूतावास ने एक्स हैंडल पर लिखा, 'कबड्डी टीम ने ईरान को 35-32 से हराकर एशियन यूथ गेम्स, बहरीन में जीत हासिल की। दूतावास ने इसे भारत के लिए धैर्य, गौरव और स्वर्ण का लम्हा।  
विज्ञापन



एशियाई युवा खेलों में भारत के पदकवीरों को जानिए:
  • स्वर्ण (2) – लड़कों की कबड्डी, लड़कियों की कबड्डी
  • रजत (3) – कनिष्का बिधुरी (कुराश), रंजना यादव (5000 मी. वॉक), अंबुरे शौर्या (100 मी. हर्डल्स)
  • कांस्य (5) – खुशी (कुराश), अरविंद (कुराश), जसमीन कौर (शॉट पुट), देबाशीष दास (ताइक्वांडो), यशविनी सिंह-शिवांशु पटेल (मिक्स्ड पेयर पूमसे)।
कबड्डी में भारत का दबदबा:
इसा स्पोर्ट्स सिटी में हुए फाइनल मुकाबलों में भारतीय टीमों ने अलग-अलग अंदाज़ में जीत दर्ज की। लड़कियों की टीम ने ईरान को 75-21 से करारी शिकस्त दी। भारत ने पहले हाफ में 33-12 की बढ़त बनाई और दूसरे हाफ में 42 अंक जोड़ते हुए विपक्षी टीम को मात्र 9 अंकों तक सीमित रखा। ग्रुप चरण में भी भारतीय लड़कियों ने बांग्लादेश (46-18), थाईलैंड (70-23), श्रीलंका (73-10) और ईरान (59-26) को हराकर अपराजित रहते हुए फाइनल में जगह बनाई थी।

लड़कों का फाइनल भी रोमांचक रहा। यहां भी भारत ने ईरान को 35-32 से हराया। पहले हाफ में भारत 21-16 से आगे था, जबकि दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने तीन अंकों की बढ़त से जीत पक्की कर ली।

एशियाई खेलों की पदक तालिका:

क्रमांक देश स्वर्ण  रजत  कांस्य कुल पदक
1 चीन 6 10 1 17
2 थाईलैंड 6 2 2 10
3 उज्बेकिस्तान 6 1 2 9
4 ईरान 3 4 6 13
5 भारत 2 3 5 10

कबड्डी के अलावा एथलेटिक्स में भी तीन पदक
भारत ने एथलेटिक्स में दो रजत और एक कांस्य पदक जीते। रंजना यादव ने लड़कियों की 5000 मीटर वॉक में 23 मिनट 25.88 सेकंड का समय लेकर रजत पदक जीता, जबकि चीन की लियू शियी स्वर्ण विजेता रहीं। अंबुरे शौर्या ने लड़कियों की 100 मीटर हर्डल्स में 13.53 सेकंड में फिनिश कर दूसरा रजत हासिल किया। जसमीन कौर ने शॉट पुट में 14.86 मीटर के थ्रो से कांस्य पदक जीता।

ताइक्वांडो और कुराश में पदक
ताइक्वांडो में भारत ने दो कांस्य पदक जीते। देबाशीष दास लड़कों की व्यक्तिगत ‘रिकग्नाइज्ड पूमसे’ स्पर्धा के सेमीफाइनल में चीन के गाओ जिक्सुआन से मामूली अंतर से हारकर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, यशविनी सिंह और शिवांशु पटेल की जोड़ी ने मिक्स्ड पेयर ‘रिकग्नाइज्ड पूमसे’ में थाईलैंड से हारकर कांस्य पदक हासिल किया। कुराश स्पर्धा में भारत ने एक रजत और दो कांस्य पदक जीते। कनिष्का बिधुरी ने लड़कियों की 52 किग्रा श्रेणी में रजत जीता, जबकि खुशी (70 किग्रा) और अरविंद (83 किग्रा) ने कांस्य पदक प्राप्त किए।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें