भारत ने नाइजीरिया के लागोस में चल रही अंडर-23 कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप के पहले ही दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 17 पदक अपने नाम कर लिए। भारतीय खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण, चार रजत और नौ कांस्य पदक जीते। प्रतियोगिता रविवार से शुरू हुई है और 14 अगस्त तक चलेगी।
सभी छह व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भारत का दबदबा
फेंसिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) के अनुसार, भारतीय दल ने प्रतियोगिता के सभी छह व्यक्तिगत मुकाबलों में पोडियम स्थान हासिल किया। इनमें पुरुष और महिला वर्ग की सेबर, फॉयल और एपे स्पर्धाएं शामिल हैं। भारत ने तीनों हथियार वर्गों में दमदार प्रदर्शन करते हुए पहले दिन ही अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।
पुरुषों की सेबर में भारत का क्लीन स्वीप
पुरुषों की सेबर स्पर्धा में निखिल वाघ ने स्वर्ण पदक जीतकर भारत को शीर्ष स्थान दिलाया। लक्ष्य बदसर ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि अश्विनी आर्य और लाइशराम मोरांबा ने कांस्य पदक जीते। इस तरह इस स्पर्धा के चारों पदक भारतीय खिलाड़ियों के खाते में गए। पुरुषों की फॉयल स्पर्धा में तेजस पाटिल ने रजत और हेमाश सनासम ने कांस्य पदक जीता। वहीं पुरुषों की एपे में लोकेश वेमानी ने रजत पदक हासिल किया, जबकि शौर्य अश्विनी और गॉडविन अन्बकेस ने कांस्य पदक जीते।