भारत ने उद्घाटन एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य सहित कुल पांच पदक अपने नाम किए। दिन का समापन भारत ने मिश्रित 4x400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीतकर किया। भारतीय टीम के अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले की चौकड़ी ने 3 मिनट 18.64 सेकेंड का समय निकालते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
भारत के पदक विजेता
स्वर्ण पदक
मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले
टीम: अस्तिक प्रधान, सैंड्रा मोल साबू, सेतु मिश्रा और श्रावणी सचिन सांगले
समय: 3:18.64
रजत पदक
पुरुष 5000 मीटर दौड़
शिवाजी परशुराम मदप्पागौड़ा
समय: 14:08.19
कांस्य पदक
पुरुष डिस्कस थ्रो
भरतप्रीत सिंह
सर्वश्रेष्ठ थ्रो: 52.91 मीटर
पुरुष 5000 मीटर दौड़
विनोद सिंह
समय: 14:23.67
महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज
प्राची देवकर
समय: 10:32.69
चीन और जापान का भी रहा दबदबा
पुरुष डिस्कस थ्रो में चीन के ली झिक्सिन ने 60.79 मीटर के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि उनके हमवतन जियांग जेहाओ ने 59.60 मीटर के साथ रजत पदक हासिल किया। पुरुष 5000 मीटर दौड़ में जापान के रुई सुजुकी ने 14:01.24 के समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज में चीन का दबदबा रहा। यांग यिटिंग ने 10:14.68 के समय के साथ स्वर्ण, जबकि लियू युशिन ने 10:25.51 के साथ रजत पदक जीता।
53 खिलाड़ियों का भारतीय दल
चीन के ओरडोस में आयोजित एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले संस्करण में भारत 53 एथलीटों के दल के साथ हिस्सा ले रहा है। पहले ही दिन पांच पदक जीतकर भारतीय खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में मजबूत शुरुआत की है।