भारतीय पुरुष सेपकटकरा टीम रेगु स्पर्धा के सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूक गई। पुरुष टीम ने ग्रुप बी के अपने अंतिम मैच में फिलीपींस पर 2-1 से जीत दर्ज की, लेकिन ये आगे बढ़ने के लिए काफी नहीं रही।
भारत की पुरुष सेपकटकरा टीम रेगु स्पर्धा के ग्रुप बी के अपने अंतिम मैच में फिलीपींस पर 2-1 से जीत हासिल करने के बावजूद सेमीफाइनल में पहुंचने में असफल रही। रेगु स्पर्धा में तीन खिलाड़ी भाग लेते हैं। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवंत रखने के लिए 3-0 से जीत की जरूरत थी, इसलिए 2-1 की जीत पर्याप्त नहीं थी। भारत, जापान और फिलीपींस ने तीन-तीन जीत हासिल कीं, जिसके बाद जापान टाईब्रेक से आगे बढ़ गया।
विज्ञापन
क्लीन स्वीप से दूर रह गया भारत
भारत फिलीपींस के खिलाफ पहले दो रेगु 2-0 (15-7, 15-10) और 2-1 (15-9, 10-15, 15-8) से जीतकर क्लीन स्वीप से सिर्फ एक जीत दूर रह गया, लेकिन तीसरा रेगु 0-2 (15-17, 11-15) से हार गया। इससे पहले भारत को जापान से 1-2 और मलयेशिया से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था, जबकि जापान को मलयेशिया से 0-3 और फिलीपींस से 1-2 से हार मिली थी। मलयेशिया सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली दूसरी टीम थी। सेपकटकरा के पुरुष टीम रेगू स्पर्धा में सेमीफाइनल में जगह बनाने से पदक पक्का हो जाता है।