भारत अपने दूसरे ग्रुप मैच में सोमवार को यहां इंडोनेशिया के हाथों मिली 1-4 की हार से सुदीरमन कप मिक्स्ड टीम बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना सका।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन पारुपल्ली कश्यप ही एकमात्र भारतीय रहे, जिन्होंने पुरुष सिंगल्स वर्ग में रूम्बका डियोनीसियस हायोम पर 21-18, 21-14 से जीत दर्ज की। पीवी सिंधू और अन्य भारतीयों को इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने पस्त कर दिया।
ग्रुप ए मुकाबले की शुरुआत पुरुष डबल्स मुकाबले से शुरू हुई, जिसमें अक्षय देवालकर और प्रणव चोपड़ा प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी अंगा प्रतमा और रियांग अगुंग सपुत्र से महज 24 मिनट में 13-21, 10-21 से हार गए।
दूसरे मुकाबले में दुनिया की 13वें नंबर की खिलाड़ी सिंधू उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सकी। महिला सिंगल्स में उन्हें 15वीं रैंक की फानेत्री लिंडावेनी से 15-21, 10-21 से शिकस्त मिली। अश्विनी पोनप्पा और प्रदन्या गदरे की महिला डबल्स जोड़ी को भी 37 मिनट में ग्रेसिया पोली और नित्या कृषिंदा महेश्वरी से 19-21, 20-22 से मात मिली।
मिक्स्ड डबल्स वर्ग में अरुण विष्णु और अर्पणा बालन को तोंतोवी अहमद और लिलियाना नातसिर ने 29 मिनट में 13-21, 14-21 से शिकस्त दी।
भारत को शुरुआती मैच में चीन से 0-5 से शिकस्त मिली थी।