फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस खेल में भी भारत से हारा पाकिस्तान: अंडर-18 पुरुष एशिया कप के फाइनल में पहुंची टीम, PAK की हुई किरकिरी

Fri, 05 Jun 2026 09:18 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

अंडर-18 पुरुष एशिया कप के सेमीफाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर फाइनल में जगह बना ली। स्टार खिलाड़ी आशिष तानी पुर्ति ने चार गोल दागकर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई, अब फाइनल में भारत का मुकाबला जापान से होगा।
विज्ञापन
भारत बनाम पाकिस्तान - फोटो : ANI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय अंडर-18 पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 5-3 से हराकर अंडर-18 पुरुष एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। शुक्रवार को खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने अंतिम क्वार्टर में दमदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। मैच के तीसरे क्वार्टर के अंत तक भारतीय टीम 2-3 से पीछे चल रही थी, लेकिन अंतिम क्वार्टर में आक्रामक खेल दिखाते हुए तीन गोल दागकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन

पहले क्वार्टर में भारत ने बनाई बढ़त
मैच की शुरुआत दोनों टीमों के बीच कड़े संघर्ष के साथ हुई। 12वें मिनट में भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला, जिसे आशिष तानी पुर्ति ने सफलतापूर्वक गोल में बदलकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले क्वार्टर तक यही स्कोर बना रहा।

पाकिस्तान ने की बराबरी
दूसरे क्वार्टर में पाकिस्तान ने आक्रामक रुख अपनाया। 27वें मिनट में अदील ने भारतीय रक्षा पंक्ति की गलती का फायदा उठाकर फील्ड गोल दागा और स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके साथ ही दोनों टीमें हाफ टाइम तक बराबरी पर रहीं।

तीसरे क्वार्टर में पलटा मैच
35वें मिनट में शाहरुख अली ने शानदार गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई। हालांकि पाकिस्तान ने दो मिनट बाद ही मुहम्मद फरहान असलम के गोल से स्कोर 2-2 कर दिया। इसके बाद 42वें मिनट में पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसे उजैर अहमद कुरैशी ने गोल में बदलकर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिला दी। तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक पाकिस्तान आगे था।

अंतिम क्वार्टर में भारत की जोरदार वापसी
चौथे और अंतिम क्वार्टर में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार आक्रमण किया। 49वें मिनट में आशिष तानी पुर्ति ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारत ने लगातार दबाव बनाए रखा। 53वें मिनट में आशिष ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 4-3 की बढ़त दिलाई। 56वें मिनट में आशिष ने अपना चौथा गोल करते हुए हैट्रिक से आगे बढ़कर मैच में चार गोल पूरे किए और भारत की बढ़त 5-3 कर दी। अंतिम मिनटों में भारतीय टीम ने शानदार रक्षा करते हुए पाकिस्तान को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
विज्ञापन

आशिष तानी पुर्ति बने जीत के हीरो
भारतीय टीम की जीत के सबसे बड़े नायक आशिष तानी पुर्ति रहे, जिन्होंने मैच में चार गोल दागकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत फाइनल में पहुंचने में सफल रहा।

फाइनल में जापान से होगा मुकाबला
इस जीत के साथ भारत ने अंडर-18 पुरुष एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम का सामना शनिवार को मेजबान जापान से होगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें