फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Singapore Open: एचएस प्रणय ने किया बड़ा उलटफेर, विश्व नंबर-5 जोनाथन क्रिस्टी को हराकर दूसरे दौर में पहुंचे

Wed, 27 May 2026 06:24 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

सार

एचएस प्रणय ने सिंगापुर ओपन सुपर 750 में शानदार वापसी करते हुए विश्व नंबर-पांच जोनाथन क्रिस्टी को 10-21, 21-12, 21-18 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। वहीं, भारतीय मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो भी अगले दौर में पहुंच गई, जबकि किदांबी श्रीकांत और मालविका बंसोड़ पहले दौर से बाहर हो गए।

विज्ञापन
एचएस प्रणय - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

एचएस प्रणय ने बुधवार को सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडोनेशिया के वर्ल्ड नंबर-5 जोनाथन क्रिस्टी को हराकर पुरुष एकल के दूसरे दौर में जगह बना ली। 33 वर्षीय भारतीय शटलर ने एक घंटे से अधिक चले मुकाबले में 10-21, 21-12, 21-18 से शानदार जीत दर्ज की। यह पिछले पांच वर्षों में क्रिस्टी के खिलाफ प्रणय की पहली जीत रही। इससे पहले उन्होंने इंडोनेशियाई खिलाड़ी को आखिरी बार 2021 इंडोनेशिया ओपन में हराया था।
विज्ञापन


पहले गेम में पिछड़ने के बाद शानदार वापसी
मैच की शुरुआत प्रणय के लिए अच्छी नहीं रही। क्रिस्टी ने पहले गेम में आक्रामक खेल दिखाते हुए इंटरवल तक 11-5 की बढ़त बनाई और फिर आसानी से 21-10 से गेम अपने नाम कर लिया। हालांकि दूसरे गेम में भारतीय खिलाड़ी ने जबरदस्त वापसी की। प्रणय ने शुरुआत से ही बढ़त बनाई और इंटरवल तक 11-7 से आगे रहे। इसके बाद उन्होंने इंडोनेशियाई खिलाड़ी को वापसी का मौका नहीं दिया और 21-12 से गेम जीतकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक गेम में दिखाया दम
तीसरा और निर्णायक गेम बेहद रोमांचक रहा। शुरुआत में क्रिस्टी 6-3 से आगे थे, लेकिन प्रणय ने लगातार अंक जुटाते हुए 13-11 की बढ़त बना ली। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। एक समय क्रिस्टी 18-16 से आगे निकल गए थे, लेकिन भारतीय स्टार ने दबाव में शानदार संयम दिखाते हुए लगातार पांच अंक जीतकर मैच अपने नाम कर लिया।
विज्ञापन


अब लोह कीन यू से होगा मुकाबला
दूसरे दौर में प्रणय का सामना सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू से होगा।

ध्रुव-तनिषा की जोड़ी भी दूसरे दौर में
भारतीय मिक्स्ड डबल्स जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो ने भी शानदार जीत दर्ज करते हुए दूसरे दौर में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के वोंग तिएन सी और लिम चियू सिएन को 21-14, 20-22, 21-13 से हराया।

श्रीकांत और मालविका बाहर
वहीं, भारत के किदांबी श्रीकांत और मालविका बंसोड़ को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा। श्रीकांत को लोह कीन यू ने 20-22, 21-19, 21-17 से हराया, जबकि मालविका बंसोड़ चीनी ताइपे की लिन ह्सियांग टी से 21-11, 19-21, 12-21 से हार गईं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें