रानी रामपाल की अगुवाई वाली भारत ने एक इकाई के रूप में खेलते हुए बड़ा उलटफेर करते हुए एफआईएच रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज चीन को काकामिगहारा (जापान) में सोमवार को सीनियर महिला हॉकी एशिया कप में पूल ए में 4-1 से हराकर सबसे बड़ा उलटफेर किया। भारत की यह लगातार दूसरी जीत है। भारत के नए चीफ हॉकी कोच हरेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन की छाप लड़कियों के खेल पर साफ दिखाई दी। भारत ने पहले मैच में सिंगापुर को हराया था। भारत अपने अगले और आखिरी पूल मैच में मलयेशिया से मंगलवार को भिड़ेगी। भारत की टीम इस टूर्नामेंट में शिरकत करने वाली चौथी सबसे उंची वरीयता प्राप्त टीम है। भारत दो मैचों से छह अंक लेकर टॉप पर है।
हॉकी इंडिया से मिली जानकारी के मुताबिक विजेता भारत कलिए गुरजीत कौर (19वें मिनट), नवजोत कौर (32 वें मिनट),नेहा गोयल (49वें मिनट) और रानी रामपाल (58वें मिनट) ने एक एक गोल किया। पराजित चीन के लिए एकमात्र गोल कुइशिया कुई (38वें मिनट) ने दागा।
भारत की महिला टीम को आक्रामक तेवर अपनाने का लाभ मिला। पहले क्वॉर्टर में दबदबा बनाए रखने के बावजूद भारत गोल कर अपना खाता खोलने में नाकाम रहा। ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने दूसरे क्वॉर्टर के चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर भारत का खाता खोला। गेंद भारत की खिलाड़ियों के कब्जे में रही लेकिन चीन की खिलाड़ियों ने मुस्तैदी से अपने किले की हिफाजत की। नवजोत कोर ने तीसरे क्वॉर्टर के दूसरे मिनट में बढ़िया मैदानी गोल कर भारत को 2-0से आगे कर दिया।
चीन की कुइशिया कुई ने छह मिनट बाद मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल कर स्कोर 1-2 कर दिया। भारत ने चौथे क्वॉर्टर में पूरी ताकत आक्रमण में झोंक दी। नेहा गोयल ने चौथे क्वॉर्टर के चौथे मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर चतुराई दिखाते हुए चीन की गोलरक्षक जियो यी को गच्चा देकर गोल कर भारत की बढ़त 3-1 कर दी। कप्तान रानी रामपाल ने खेल खत्म होने से दो मिनट पहले गोल गजब का मैदानी गोल कर भारत को 4-1 से जीत दिला दी।