भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान और अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया का लक्ष्य इस साल होने वाले एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर है। सविता की नजरें एशियाड में स्वर्ण जीतकर 2028 में होने वाले लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई करने पर हैं। सविता ने कहा कि वह फिलहाल लॉस एंजिलिस ओलंपिक से आगे नहीं सोच रही हैं।
तीन बार एशियाड में पदक जीत चुकी हैं सविता
राष्ट्रमंडल खेल कांस्य पदक विजेता और तीन बार एशियाई खेलों में पदक जीत चुकी सविता ने कहा, मुझे लगने लगा है कि अब परिवार के साथ और समय बिताना है। सभी को कभी न कभी रिटायर होना है लेकिन मैं अच्छे समय पर यह फैसला लेना चाहती हूं। एशियाई खेल हो या 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक। अभी ओलंपिक में समय है तो मैं कुछ कह नहीं सकती। मेरा फोकस एशियाई खेलों पर है और उससे आगे के बारे में नहीं सोच रही। मैं एशियाई खेलों के बाद संन्यास का फैसला लूंगी। अगर हम वहीं से ओलंपिक के लिए क्वालिफाई करते हैं तो बहुत अच्छा होगा ताकि क्वालिफायर का दबाव नहीं झेलना पड़े।
सविता ने कहा, मेरा अगला लक्ष्य एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतना है। मैं हमेशा लक्ष्य लेकर चलती हूं और एक समय में एक ही लक्ष्य जेहन में होता है। हमारी टीम काफी सक्षम है और मैं सीनियर खिलाड़ी होने के नाते हमेशा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए हूं। विश्व कप क्वालिफायर भी काफी अहम है और उसके बाद नेशंस कप भी है। यह पूरा साल काफी अहम होने वाला है।