उत्तर प्रदेश विजार्ड्स और जेपी पंजाब वारियर्स के बीच हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) का मंगलवार रात खेला गया मुकाबला रोमांचक संघर्ष के बाद 2-2 की बराबरी पर छूटा। इसके साथ ही यूपी टीम के अब चार मैचों से 14 अंक हो गए हैं और वह अपने दूसरे स्थान पर कायम है। पंजाब के पांच मैचों से 10 अंक हैं और वह चौथे स्थान पर कायम है। दिल्ली वेवराइडर्स की चार मैचों में 17 अंकों के साथ पांच टीमों के इस टूर्नामेंट में चोटी पर है।
पंजाब के पास घरेलू मैदान पर जीतने का अच्छा मौका था लेकिन उसने एक पेनाल्टी स्ट्रोक समेत कुछ अच्छे मौके गंवा दिए। पंजाब को मैच के आठवें मिनट में ही पेनाल्टी स्ट्रोक मिल गया था जब धरमवीर सिंह को हरबीर ने गिराया। आस्ट्रेलिया के मार्क नोल्स ने स्ट्रोक लिया लेकिन उनका शाट दाएं पोस्ट से टकरा कर बेकार चला गया।
पंजाब की ओर से शिवेंद्र सिंह (12वें) और मलख सिंह (28वें) मिनट में गोल दागा। उत्तर प्रदेश के लिए कप्तान वीआर रघुनाथ ने दो गोल दागे। उत्तर प्रदेश ने 52वें और 53वें मिनट में दो पेनाल्टी कार्नर बेकार किए। रघुनाथ हीरो गोल ऑफ द मैच और मैन ऑफ द मैच दोनों पुरस्कार मिले।